गुरुकुल आवासीय विद्यालय सिरकट्टी आश्रम के उपाध्यक्ष बने राष्ट्रपति पुरस्कृत डाॅ मुन्नालाल देवदास ,

विकसित भारत के सपने को साकार करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध सिरकट्टी आश्रम में 2015 से गुरुकुल आवासीय विद्यालय का संचालन किया जा रहा है।
इस गुरुकुल विद्यालय के संस्थापक और अध्यक्ष हैं भगवताचार्य संत गोवर्धन शरण व्यास जी, जिसने अपने गुरुकुल आवासीय विद्यालय प्रबंधन समिति में उपाध्यक्ष पद पर राष्ट्रपति एवं राज्यपाल पुरस्कृत सेवानिवृत्त प्रधान पाठक , साहित्यकार एवं जिला मानस संघ गरियाबंद के संस्थापक डाॅ मुन्नालाल देवदास को नियुक्त करके उनका सम्मान किया।
इस अवसर पर डाॅ देवदास ने बताया कि इस गुरुकुल विद्यालय में कक्षा 6 वी से 10 वी तक सभी जाति वर्ग के 272 बच्चे एक साथ रहकर विधिवत शिक्षा दीक्षा ले रहे हैं ।
जिसके कारण बच्चों में सामाजिक समरसता की भावना और अपना काम स्वयं करने से स्वावलंबन की भावना बचपन से ही विकसित हो रही है।
आगे देवदास ने बताया कि यह आश्रम ऋषि और कृषि परंपरा पर आधारित है, यहाँ बच्चों को शासकीय पाठ्यक्रम के अलावा आदर्श जीवन जीने की कला सिखाई जाती है। बच्चे प्रतिदिन पाँच किलोमीटर दौड़ते हैं , योगा प्राणायाम, सत्संग और स्वाध्याय करते हैं। जो बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए जरुरी है।
डाॅ देवदास ने बताया कि यहाँ प्रतिवर्ष राष्ट्रीय पर्वों में बच्चे अनुशासित रहकर मार्च पास्ट करते हैं, अनेक प्रकार के करतब दिखाते हैं। जिससे उनके मन में देश प्रेम की भावना बढ़ती है।
आज हमारे देश की दशा और दिशा को सुधारने के लिए प्रत्येक विद्यालय में गुरुकुल विद्यालय की तरह संस्कावान और स्वावलंबन की शिक्षा जरुरी है, जो विकसित भारत के लिए एक सार्थक कदम है। इस गुरुकुल आवासीय विद्यालय प्रबंधन समिति के सचिव भुनेश्वर साहू, सहसचिव रेखराम कश्यप, कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश साहू वैद्यराज , कार्यकारिणी सदस्य श्रीमती वत्सला साहू और श्रीमती रुखमणी कश्यप आदि हैं।
डाॅ देवदास को इस उपलब्धि के लिए पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित डाॅ आर एस बारले, श्री तुलसी मानस प्रतिष्ठान छत्तीसगढ़ , कौशल्या माता मंदिर चंदखुरी, श्री राज मानस संघ धमतरी, मानस दर्शन जीवन अर्पण संघ छत्तीसगढ़, मम राजीव लोचन जिला मानस संघ गरियाबंद, माँ कौशल्या जिला मानस संघ रायपुर, महासमुंद, भद्रकाली जिला मानस संघ बेमेतरा, मानस प्रतिष्ठान बस्तर संभाग, एवं अनेक साहित्यिक सांस्कृतिक, शैक्षिक संस्थाओं एवं नगर पंचायत कोपरा वासियों ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।