मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव बहरी में सोन नदी पर बने पुल का उद्घाटन करेंगे, विधायक कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थल देखा,19 को आऐंगे सीधी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 19 सितंबर को सीधी जिले के बहरी तहसील का दौरा करेंगे। उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बहरी बाजार से करीब 500 मीटर दूर अमन कॉन्वेंट स्कूल के परिसर में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोन नदी पर बने बहुप्रतीक्षित पुल का उद्घाटन करेंगे। वे जिले को कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं की सौगात भी देंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री स्वच्छता सेवा पखवाड़ा के तहत स्वच्छता कासंदेश देंगे और स्वच्छ और स्वस्थ समाज निर्माण में जनता से सहयोग की अपील करेंगे।
अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया
बुधवार को कार्यक्रम स्थल के निरीक्षण के दौरान सीधी कलेक्टर स्वरोचिस सोमवंशी, पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी, सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक और सीएमओ मिनी अग्रवाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मंच, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन और साफ-सफाई सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने कार्यक्रम की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के संबंध में थाना प्रभारी बहरी राजेश पांडे को विशेष निर्देश दिए हैं। जनसंपर्क अधिकारी मुकेश मिश्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन और नगर पंचायत पूरी तरह से तैयारियों में जुटा हुआ है।