07 वर्षीय अपहृत बालिका को जयंत पुलिस ने 08 घंटे में किया सकुशल बरामद

पुलिस अधीक्षक ने टीम को 10 हजार रुपए नकद ईनाम से पुरस्कृत करने की घोषणा की

0 2,886

 

सिंगरौली, 13 सितम्बर 2025।


सिंगरौली जिले की पुलिस ने एक बार फिर अपनी त्वरित कार्रवाई से मिसाल पेश की है। जयंत पुलिस ने गुमशुदा 07 वर्षीय बच्ची को महज़ 08 घंटे के भीतर सुरक्षित बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया। इस सराहनीय कार्य हेतु पुलिस अधीक्षक श्री मनीष खत्री ने जांच टीम को ₹10,000 का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

मामला क्या था

फरियादिया (परिवर्तित नाम) अनीता सिंह, निवासी खजुरा थाना अनपरा, सोनभद्र (उ.प्र.) ने 12 सितम्बर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी 07 वर्षीय बच्ची सुबह ज्योतिबा राव स्कूल, जयंत पढ़ने गई थी। स्कूल से लौटने के बाद बच्ची अपनी बड़ी बहन से कहकर किसी सहेली के साथ घर से बाहर निकली और वापस नहीं लौटी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना विंध्यनगर में गुम इंसान एवं अप.क्र. 344/25 धारा 137(2) बीएनएस दर्ज किया गया और पुलिस अधीक्षक ने त्वरित बरामदगी पर पुरस्कार की घोषणा की।

पुलिस की खोजबीन

सबसे पहले विद्यालय और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें बच्ची को स्कूल यूनिफॉर्म में छोटे भाई के साथ घर की ओर जाते देखा गया।

घर के सामने लगे कैमरे में वह 11:26 बजे दौड़ते हुए सड़क की ओर जाती हुई दिखी।

पुलिस ने लगभग 40–50 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, गार्डन, पार्क, नदी-तालाब, जंगलों में तलाश की।

सीसीटीवी में बच्ची को एक अन्य लड़की के साथ जाते देखा गया, जिसकी पहचान सहेली (परिवर्तित नाम) पिया रावत के रूप में हुई।

देर रात करीब 01:30 बजे सहेली की पहचान पुख्ता होने के बाद सायबर सेल की मदद से लोकेशन निकाली गई और छानबीन तेज की गई।

अंततः रात 03:10 बजे बच्ची को सहेली पिया रावत के घर से सकुशल बरामद कर लिया गया।

बच्ची ने क्या बताया

पूछताछ में बच्ची ने कहा कि वह अपनी सहेली के साथ उसके घर चली गई थी। सहेली की माँ ने भी स्वीकारा कि बच्ची ने बताया था कि उसने माँ को सूचना दे दी है, जिस पर उन्होंने ध्यान नहीं दिया।

सराहनीय योगदान

इस सफलता में थाना प्रभारी विंध्यनगर निरीक्षक अर्चना द्विवेदी, चौकी प्रभारी जयंत उनि सुधाकर सिंह परिहार, सउनि राजेश द्विवेदी, दीपनारायण केवट, रवि गोस्वामी, प्र.आर. सुनील मिश्रा, धीरेन्द्र अहिरवार, भूपेन्द्र सिंह, जितेन्द्र सेंगर, रमागोविन्द्र तिवारी, अरूणेन्द्र पटेल, आर. प्रकाश सिंह, महेश पटेल, सुरेन्द्र यादव तथा सायबर टीम प्रभारी उनि पवन सिंह, आर. प्रशान्त केशरी और चालक ललई यादव की विशेष भूमिका रही।

पुलिस अधीक्षक की अपील

पुलिस अधीक्षक श्री मनीष खत्री ने जिलेवासियों से अपील की है कि अपने घरों और दुकानों पर सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगवाएँ। ये न केवल सुरक्षा बढ़ाने में सहायक हैं बल्कि ऐसी घटनाओं में पुलिस की जाँच और ट्रेसिंग में भी बड़ी मददगार साबित होते हैं।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment