दहेज प्रताड़ना का दर्दनाक मामला: शादी के चार माह बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, पति-ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप
📰 दहेज प्रताड़ना का दर्दनाक मामला: शादी के चार माह बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, पति-ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप

सोनभद्र/पलामू। थाना रेहला क्षेत्र से दहेज प्रताड़ना का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां 21 वर्षीय अंचल कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के पिता चंद्रगुप्त विश्वकर्मा ने अपनी तहरीर में पति और ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना एवं हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, अंचल की शादी 29 अप्रैल को मायापुरा निवासी शंकर विश्वकर्मा से हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ ही दिनों बाद से पति शंकर विश्वकर्मा, ससुर सुरेंद्र विश्वकर्मा और सास सीता देवी दहेज में चैन, फ्रिज और टीवी की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे। पिता का कहना है कि बेटी को कमरे में बंद कर रखा जाता था और कई बार भोजन-पानी तक नहीं दिया जाता था।
घटना वाले दिन 30 अगस्त की रात करीब 9 बजे पति ने फोन पर अंचल के बीमार होने की बात कही। इसके अगले दिन दोपहर 12:30 बजे वीडियो कॉल पर उसकी मौत की सूचना दी गई। परिजनों ने जब इलाज से जुड़ी जानकारी मांगी तो ससुराल पक्ष संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया।
पिता ने बताया कि बेटी की स्थिति जानने के लिए जब वे ससुराल पहुंचे तो परिजन उन्हें बार-बार अलग-अलग जगहों पर भेजते रहे। कभी कहा पड़वामोड़ में इलाज चल रहा है, कभी गढ़वा और अंत में मायापुर। इस तरह टालमटोल करने के बाद आखिरकार परिजनों को बेटी की लाश मिली।
पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर पति, ससुर और सास के खिलाफ दहेज हत्या एवं सामूहिक हत्या कृत का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।