नपा उपाध्यक्ष कक्ष विवाद फिर गरमाया: हाईकोर्ट ने अध्यक्ष कक्ष पर उठाए सवाल, 08 सितम्बर को आ सकता है बड़ा फैसला,

सीधी। नगर पालिका परिषद सीधी में उपाध्यक्ष कक्ष को लेकर मचा घमासान एक बार फिर सियासत में सुर्खियों का केंद्र बन गया है। शुक्रवार को जबलपुर उच्च न्यायालय के माननीय न्यायाधीश ने सुनवाई के दौरान अध्यक्ष कक्ष को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए। अदालत ने संकेत दिए कि यदि 08 सितम्बर को नगर पालिका के अधिवक्ता समुचित आधार प्रस्तुत नहीं कर पाए, तो अध्यक्ष को भी अपना कक्ष खाली करना पड़ सकता है।
गौरतलब है कि बीते माह अध्यक्ष काजल वर्मा ने उपाध्यक्ष दान बहादुर सिंह चौहान की गैर मौजूदगी में उनके कक्ष का ताला तोड़कर भीतर रखे आवश्यक दस्तावेज हटाते हुए उस कक्ष पर कब्जा कर लिया था। इस घटना की सूचना उपाध्यक्ष ने सिटी कोतवाली, सीएमओ और नगरीय निकाय के वरिष्ठ अधिकारियों को दी थी, साथ ही न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था।
अब इस मामले की सुनवाई का वीडियो सोशल मीडिया में लगातार वायरल हो रहा है, जिससे जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। चर्चा है कि यदि न्यायालय ने उपाध्यक्ष का पक्ष मजबूत माना तो अध्यक्ष काजल वर्मा को कक्ष खाली कराना महंगा पड़ सकता है। जिले की निगाहें अब 08 सितम्बर को होने वाली सुनवाई और माननीय न्यायाधीश के फैसले पर टिकी हैं।