अमिलिया में खाद वितरण पर हंगामा: थाना प्रांगण बना किसानों का कुंभ का मेला

सीधी/सिहावल।
अमिलिया में यूरिया संकट गहराने के बाद हालात इतने बिगड़े कि किसानों को संभालने की जिम्मेदारी अब थाना प्रभारी तक को उठानी पड़ रही है। थाना अमिलिया प्रांगण किसानों की भीड़ से मानो कुंभ के मेले में तब्दील हो गया है।
बारिश के कारण सहकारी समिति गोदाम कीचड़ से पट गया, वहीं खाद की सीमित खेप मिलने से किसानों में हड़बड़ी मच गई। बताया जा रहा है कि गोदाम में तीन ट्रक यूरिया उतर चुके हैं और अन्य गाड़ियां रास्ते में हैं। किसानों के लिए टोकन वितरण किया जा रहा है, लेकिन मांग ज्यादा होने से अव्यवस्था बनी हुई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि हटवा, बढ़ौना और बरहा टोला में कालाबाजारी जारी है, जहां 500 से 800 रुपए तक यूरिया बेचा जा रहा है। किसानों ने एसडीएम प्रिया पाठक, तहसीलदार और कृषि अधिकारियों से अवैध व्यापारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इधर थाना प्रभारी विवेक द्विवेदी लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और भीड़ को नियंत्रित करने में जुटे हैं। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने ठोस कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन की स्थिति बन सकती है।