पत्नी-बेटों ने रिटायर्ड डीएसपी से की मारपीट, रस्सी से बांधकर घसीटा; मोबाइल-एटीएम छीनकर फरार,

शिवपुरी जिले के भौंती थाना क्षेत्र के चंदावनी गांव में रिटायर्ड डीएसपी प्रतिपाल सिंह यादव (62) के साथ पत्नी और बेटों ने मारपीट की। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
प्रतिपाल सिंह ने बताया कि 20 अगस्त को पत्नी माया यादव बेटों आकाश और आभास के साथ घर आई थी। उन्होंने रिटायरमेंट के पैसों की मांग की। इनकार करने पर बेटों ने उन्हें पकड़ा और जमीन पर गिराकर रस्सी से पैर बांध दिए। एक बेटा सीने पर बैठ गया तो दूसरा पैर पकड़कर खींचता रहा। इसी दौरान पत्नी ने उनका मोबाइल और एटीएम कार्ड छीन लिया।
शोर सुनकर पड़ोसी पहुंचे तो तीनों भाग निकले। घटना के बाद प्रतिपाल ने पुलिस को आवेदन देकर मोबाइल और एटीएम वापस दिलाने की मांग की है।
डीएसपी प्रतिपाल सिंह मार्च 2024 में श्योपुर जिले से रिटायर हुए थे। वे पत्नी-बच्चों से 15 साल से अलग रह रहे हैं। पत्नी झांसी में बेटों के साथ और बेटी गोरखपुर में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही है।
उन्होंने बताया कि बड़े बेटे को 5 लाख और छोटे बेटे को 15 लाख रुपए देने का वादा कर चुके हैं। बेटी की शादी करनी है, इसलिए बेटों पर FIR नहीं कराना चाहते।
प्रतिपाल सिंह को अब तक 20 लाख रुपए ईपीएफ के मिले हैं जबकि 33 लाख रुपए ग्रेच्युटी और अन्य मदों से मिलना बाकी है।