रीवा को मिला 150 करोड़ का फ्लाईओवर, ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत,

रीवा शहरवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। शहर में 150 करोड़ की लागत से नया फ्लाईओवर बनाया जाएगा। यह फ्लाईओवर कॉलेज चौक से शुरू होकर संभागीय कमिश्नर आवास, कलेक्ट्रेट होते हुए ढेकहा तिराहे के आगे तक बनाया जाएगा। इसके निर्माण के बाद ढेकहा तिराहे पर लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी और शहर का ट्रैफिक सुगम होगा।
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं रीवा विधायक राजेंद्र शुक्ल ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, रीवा से लखनादौन राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर हादसे रोकने के लिए अंडरपास और ओवरब्रिज का निर्माण करा रहा है। इसी कड़ी में केन्द्रीय मंत्री की स्वीकृति पर रीवा शहर को 150 करोड़ रुपए का यह फ्लाईओवर मिला है।
यह परियोजना उपमुख्यमंत्री और स्थानीय विधायक राजेंद्र शुक्ल की पहल पर स्वीकृत हुई है। शहर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए लंबे समय से इस फ्लाईओवर की मांग की जा रही थी। इसके निर्माण से रीवा के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।