सड़क पर मौत का तांडव — सिंगरौली में फिर छिना एक घर का चिराग
खुटार में ट्रेलर की टक्कर से साइकिल सवार की मौत, परिजनों ने कोतवाली पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
सिंगरौली, 14 अगस्त 2025।

जिले में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। कोतवाली थाना क्षेत्र के खुटार में मंगलवार देर शाम एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान रामदास शाह (निवासी सखौहा) के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रामदास शाह खुटार से अपने घर लौट रहे थे, तभी लापरवाह ट्रेलर चालक ने अनियंत्रित होकर उन्हें कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें जिला अस्पताल ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहाँ उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद से पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
भारी वाहनों की बेधड़क दौड़ — प्रशासन पर सवाल
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि जिले में सड़क की खराब स्थिति और परिवहन विभाग की लापरवाही के कारण आए दिन सड़क पर जानें जा रही हैं। कोल परिवहन करने वाले भारी वाहन बिना किसी रोकटोक के आम सड़कों पर तेज रफ्तार से दौड़ रहे हैं, जिससे आमजनमानस हमेशा खतरे में रहता है।
कोतवाली पुलिस पर लापरवाही का आरोप
मृतक के बेटे ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा —
“घटनास्थल पर मेरे पिताजी जिंदा थे, और मैं उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाने की कोशिश कर रहा था। लेकिन कोतवाली पुलिस ने जाम की आड़ में मुझे करीब 2 घंटे थाने में बैठाए रखा। इस देरी के कारण समय पर इलाज नहीं मिल सका और मेरे पिताजी की मौत हो गई। इसकी जिम्मेदार कोतवाली पुलिस है।”
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने भारी वाहनों की रफ्तार और सड़कों की स्थिति पर ठोस कदम नहीं उठाए, तो जनआक्रोश सड़कों पर देखने को मिलेगा।