सिंगरौली में 5 किमी लंबी तिरंगा यात्रा, 1000 से अधिक स्कूली बच्चों ने लहराया तिरंगा,

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सिंगरौली जिले में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। विधायक राम निवास शाह, भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पांडेय, महापौर रानी अग्रवाल, कलेक्टर चंद्रेश्वर शुक्ला और पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के नेतृत्व में यह यात्रा राजमाता चुनकुमारी स्टेडियम से शुरू होकर यातायात तिराहा, मस्जिद तिराहा, तुलसी मार्ग और अंबेडकर चौक होते हुए पुनः स्टेडियम में संपन्न हुई।
यात्रा के दौरान पुलिस बैंड की देशभक्ति धुनों ने माहौल को और भी जोशीला बना दिया। 1000 से अधिक स्कूली बच्चों ने हाथों में तिरंगा थामकर ‘भारत माता की जय’ और ‘स्वतंत्रता दिवस अमर रहे’ के नारे लगाए।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ गजेंद्र सिंह नागेश, सीएसपी विंध्य नगर पी.एस. परस्ते, डीएसपी रोशनी पटेल, ट्रैफिक थाना प्रभारी दीपेंद्र सिंह समेत नगर निगम और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे। सभी ने हाथों में तिरंगा लेकर देश के प्रति अपनी आस्था और जोश प्रदर्शित किया।
बताया गया कि रविवार को भाजपा ने बाइक पर भी तिरंगा यात्रा निकाली थी, जिसमें कई समर्थकों ने हेलमेट नहीं पहना, हालांकि पुलिस ने इस मामले में अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है।