नशे से दूरी है जरूरी जन जागृति अभियान कार्यक्रम का पूजा पार्क सीधी में हुआ आयोजन

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी से शाहिद खान,
पुलिस विभाग द्वारा स्वस्थ एवं नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए 15 से 30 जुलाई 2025 तक नशे से दूरी है जरूरी नशा जन जागृति अभियान पूरे प्रदेश में चलाया जा रहा है। उक्त अभियान के अंतर्गत दिन प्रतिदिन पुलिस विभाग एवं अन्य विभागों के सहयोग से नशा मुक्ति जागरूकता हेतु विभिन्न कार्यक्रम किए जा रहे हैं। इसी क्रम में संचालनालय खेल और युवा कल्याण विभाग मध्य प्रदेश भोपाल से प्राप्त निर्देशानुसार खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित करने तथा नशे से दूर रखने हेतु खेल और युवा कल्याण विभाग सीधी द्वारा 29 जुलाई को पूजा पार्क सीधी में डॉ रविंद्र वर्मा पुलिस अधीक्षक सीधी के निर्देशन एवं अरविंद श्रीवास्तव अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी सीधी के मार्गदर्शन में नशे से दूरी है जरूरी कार्यक्रम का आयोजन तहसीलदार गोपद बनास एकता शुक्ला के मुख्य आतिथ्य, मानिंद शेर अली खान जिला खेल प्रशिक्षक खेल विभाग सीधी, विद्यालयों के पीटीआई शिक्षक खेल संघ के प्रशिक्षक खेल विभाग नगर पालिका एवं पुलिस विभाग के कर्मचारी खिलाड़ी एवं विद्यालय के छात्र-छात्राओं की उपस्थिति में किया गया।
मुख्य अतिथि तहसीलदार गोपद बनास द्वारा उपस्थित समस्त विभाग के कर्मचारी खिलाड़ी एवं छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने शिक्षा के साथ-साथ खेलों में आगे बढ़ने तथा नशे से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में बताया गया। साथ ही नशा मुक्त समाज के निर्माण हेतु स्वयं को नशे से मुक्त रखने की सलाह दी गई।
इसके पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित खिलाड़ियों विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं समस्त विभाग के कर्मचारियो एवं अभिभावकों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। तत्पश्चात पालिका व्यायाम शाला अमहा सीधी में नगर पालिका अध्यक्ष सीधी की उपस्थिति में नाग पंचमी के अवसर पर आयोजित दंगल प्रतियोगिता में भी नशे से दूरी है जरूरी अभियान के तहत नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। उक्त कार्यक्रम का आयोजन ब्लॉक समन्वय के द्वारा विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों में भी किया गया।
प्राइड कदम हिंदी समाचार एवं प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी (मध्य प्रदेश)