“सरकार पक्षपात कर रही है, BJP को मिलते हैं 15 करोड़ – कांग्रेस विधायक का आरोप, मंत्री जायसवाल ने दिया करारा जवाब”

सीधी। प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। कांग्रेस विधायक और विधानसभा में पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ‘राहुल’ ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आजकल सरकार दो तरह के चश्मे से जनप्रतिनिधियों को देखती है। उन्होंने कहा कि यदि आप भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक हैं, तो कार्य के लिए 15 करोड़ रुपए मिलते हैं, लेकिन यदि कांग्रेस के विधायक हैं, तो उन्हें ठन ठन गोपाल दे दिया जाता है।
अजय सिंह राहुल ने अपने क्षेत्र की खड़ड़ी खुर्द गांव की सड़क को लेकर नाराजगी जताते हुए कहा कि यह मुद्दा वर्षों से चर्चा में है। उन्होंने कहा कि यह विषय लीला साहू द्वारा उठाया गया था,जिसमे हमारे द्वारा लीला साहू से कभी मिला नहीं गया है, लीला साहू द्वारा सांसद से लेकर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी तक को पत्र और सोशल मीडिया के माध्यम से बोला और लिखा गया, लेकिन फिर भी सड़क निर्माण नहीं हो पाया।साथ ही सीधी सांसद डॉक्टर राजेश मिश्रा द्वारा अनर्गल रोड के मुद्दे पर बयान बाजी किया गया है जबकी सांसद मद में करोड़ों रुपए हर साल आते हैं वह चाहते तो कोई भी रोड के लिए दस पच्चीस लाख रुपए अपने फंड से रोड को बनवा सकते थे,

वही इस बयान पर जवाब देते हुए गुरुवार शाम 5 बजे सीधी जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि “किसी भी विधायक को अलग से 15 करोड़ नहीं मिलते, सरकार सभी को पैसा दे रही है। कुछ कर नहीं पा रहे तो दोष सरकार को क्यों?”
मंत्री जायसवाल ने आगे कहा कि जो भी हो रहा है, मुख्यमंत्री अधोसंरचना योजना के तहत हो रहा है। कार्य वहां तक ही सीमित है जहां योजना लागू है। सभी को समान अवसर मिलते हैं और हम काम करने वाले लोग हैं, हमारी नीति और नीयत स्पष्ट है।
उन्होंने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा, “आपने 50-55 साल देश और प्रदेश में राज किया, हमने 2003 के बाद काम करना शुरू किया। आपके 55 साल के काम और हमारे 11 साल के काम की तुलना कर लीजिए। हम किसी भी मंच पर बहस के लिए तैयार हैं।”
साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस के पास गरीबों के लिए कोई ठोस योजना नहीं थी, केवल दिखावा था।
बता दें, मंत्री दिलीप जायसवाल गुरुवार को कलेक्टोरेट में आयोजित समीक्षा बैठक में शामिल होने आए थे।