“प्रधानमंत्री कॉलेज आफ एक्सीलेंस सीधी में गुरु पूर्णिमा के आयोजन में गुरुओं का सम्मान”

संजय गांधी स्मृति शासकीय महाविद्यालय सीधी में मध्य प्रदेश शासन उच्च शिक्षा विभाग भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ के त्रैमासिक कैलेंडर के पालन में प्राचार्य डॉ. राम नारायण स्वर्णकार के सानिध्य में गुरु पूर्णिमा मनाई गई, जिसमें सर्वप्रथम मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन कर पूजा अर्चना की गई। तत्पश्चात आमंत्रित विद्वानों डॉ. ए.आर.सिंह, डॉ. रामलला शर्मा, डॉ. शेषमणि मिश्रा डॉ. संतोष सिंह चौहान का माल्यार्पण से स्वागत किया गया। साथ ही प्राचार्य के स्वागत भाषण में अतिथियों का एक बार पुनः स्वागत किया गया। आमंत्रित विद्वानों में डॉ. रामलला शर्मा पूर्व प्राचार्य शासकीय महाविद्यालय कुसमी द्वारा अपने उद्बोधन में कहा गया कि गुरु शिष्य परंपरा बहुत ही प्राचीन है, जो सनातन संस्कृति को प्रकट करती है। निश्चित रूप से इससे हम सबको सीख लेने की आवश्यकता है। उद्बोधन देते हुए डॉ. संतोष सिंह चौहान पूर्व विभागाध्यक्ष इतिहास विभाग ने कहा कि गुरु शिष्य परंपरा का एक लंबा इतिहास है जो हम सभी का मार्गदर्शन करता है और हमें गुरुओं का सम्मान करना चाहिए। डॉ. शेष मणि मिश्रा पूर्व विभाग अध्यक्ष समाजशास्त्र ने समस्त उपस्थित जन का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि हम अपनी परंपरा को भूलते जा रहे हैं जो हमारे लिए हानिप्रद है, हमें ऐसा नहीं करना चाहिए। डॉ. ए. आर. सिंह पूर्व प्राचार्य ने घटती हुई गुरु महिमा की ओर इशारा करते हुए बताया कि हमें अपने व्यवहार में सुधार करना चाहिए और एक सकारात्मक वातावरण का निर्माण करना चाहिए। तत्पश्चात समस्त आमंत्रित विद्वानों का शाल श्रीफल से सम्मान किया गया।
उक्त कार्यक्रम के अंतर्गत ही गुरु पूर्णिमा विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रथम स्थान ऋषभ शुक्ला बी.ए. तृतीय वर्ष द्वितीय स्थान स्नेहल सिंह चौहान बी.ए. तृतीय वर्ष तृतीय स्थान शिवम गुप्ता बीएससी थर्ड ईयर में प्राप्त किया। गुरु पूर्णिमा कार्यक्रम के संयोजक प्रो. राकेश प्रजापति थे एवं भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ के नोडल अधिकारी डॉ. दिलीप कुमार सोनी थे । उक्त कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मध्य प्रदेश शासन द्वारा भोपाल में आयोजित कार्यक्रम उद्बोधन का सीधा प्रसारण छात्र-छात्राओं एवं समस्त स्टाफ को दिखाया गया एवं वृत्त चित्र भी प्रदर्शित किया गया। समस्त कार्यक्रम भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ संजय गांधी स्मृति शासकीय महाविद्यालय सीधी द्वारा आयोजित था। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. आशुतोष पाण्डेय द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन वाणिज्य विषय के विभागाध्यक्ष डॉ. प्रभाकर सिंह द्वारा किया गया। उक्त कार्यक्रम में महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. आर.बी.एस. चौहान सहित समस्त शैक्षिक स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं लाभान्वित हुए।