मोहर्रम पर्व की तैयारियों को लेकर राजपुर थाना में शांति समिति की बैठक आयोजित

0 431

बलरामपुर। आगामी मोहर्रम पर्व को लेकर बलरामपुर जिले के राजपुर थाना परिसर में गुरुवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य पर्व को शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराना था। इस अवसर पर थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह, एसडीएम देवेंद्र प्रधान और नायब तहसीलदार नरेंद्र कंवर विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह ने कहा कि मोहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाया जाए। कानून व्यवस्था बिगाड़ने की स्थिति में सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई। उन्होंने बताया कि मोहर्रम जुलूस निकालने के लिए एसडीएम कार्यालय से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य है।

पुलिस प्रशासन द्वारा नगर के प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और गश्त भी बढ़ाई जाएगी। बैठक में जानकारी दी गई कि जुलूस के दौरान डीजे साउंड, तलवार, पेट्रोल, ट्यूबलाइट आदि के उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा। झंडा या डंडा 20 फीट से ऊंचा नहीं होगा और रास्तों को बाधित नहीं किया जाएगा।

बैठक में राजपुर, झींगों, भदार, मुरका सहित आसपास के गांवों के मुस्लिम समाज के प्रतिनिधि, नगरवासी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने का संकल्प लिया।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment