बजाग अस्पताल में डॉक्टर की लापरवाही और धमकी का मामला गरमाया, पीड़ितों ने थाने में दी शिकायत

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव कि रिपोर्ट
शिवप्रसाद साहू सर्च स्टोरी
डिंडोरी। जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल एक बार फिर खुलती नजर आ रही है। करंजिया बीएमओ गोपाल मरावी के द्वारा मरीजों से की गई कथित बदसलूकी का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि अब सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बजाग से एक और गंभीर मामला सामने आया है। यहां डॉक्टर की लापरवाही और धमकी की शिकायत थाने तक पहुंच गई है, जिससे लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
पीड़ित पक्ष द्वारा डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही बरतने और धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता प्रदीप साहू पिता मूलचन्द साहू (उम्र 40 वर्ष), निवासी डूंगरी ने बताया कि उन्होंने 23 जून को अपने पुत्र प्रयाग साहू को
इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। उन्हें बताया गया कि रिपोर्ट सामान्य है और घर भेज दिया गया। लेकिन जब हालत में सुधार नहीं हुआ तो उन्होंने अन्य डॉक्टर से संपर्क किया, जिसने रिपोर्ट देखने के बाद पीलिया की पुष्टि की और जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। तीन दिन इलाज के बाद लौटकर जब प्रदीप साहू ने डॉ. विपिन राजपूत से इलाज में लापरवाही को लेकर सवाल किया, तो डॉक्टर ने आगबबूला होकर कथित रूप से उन्हें धमकाते हुए कहा – “जहाँ शिकायत करना है करो, जिसे बुलाना है बुला लो।”
इन घटनाओं से एक बार फिर स्पष्ट हो गया है कि जिले में सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था मरीजों की जान से खिलवाड़ कर रही है। पीड़ित पक्ष ने इस संबंध में बजाग थाने में लिखित शिकायत दर्ज कर न्याय की मांग की है।