ग्राम डोल में गोपद नदी पर अवैध रेत उत्खनन को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन — सरपंच के पति पर संरक्षण देने का आरोप, कठोर कार्यवाही की मांग,

सीधी से विनय त्रिपाठी की रिपोर्ट
सीधी जिले के बहरी तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत डोल में शुक्रवार को ग्रामीणों ने गोपद नदी में उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सरपंच विमला सिंह के पति उदय राज सिंह चौहान के संरक्षण में पिछले सात-आठ वर्षों से अवैध रेत उत्खनन का कारोबार लगातार जारी है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस गंभीर मामले को लेकर दिनांक 18 जून को जिला कलेक्टर स्वरोचित सोमवंशी को जनसुनवाई में शिकायत दी गई थी। वहीं खनिज विभाग ने 17 जून को कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी मशीन को जब्त भी किया था।
प्रदर्शनकारियों में शामिल राजकुमार सिंह, मकसूदन सिंह सहित अन्य लोगों ने मांग की कि अब तक हुए अवैध उत्खनन की पूरी जांच कर दोषियों से आर्थिक वसूली की जाए और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने शीघ्र कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो वे जिला मुख्यालय में उग्र आंदोलन करेंगे।
इस मामले पर खनिज अधिकारी शिशिर यादव ने मीडिया को बताया कि लगभग एक सप्ताह पहले जेसीबी मशीन को मौके से पकड़ा गया था। उसके बाद से अब तक अवैध उत्खनन या परिवहन की कोई सूचना नहीं मिली है। यदि दोबारा शिकायत मिलती है तो जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।