सीधी: चुहिया घाटी में ट्रक और कार की टक्कर, दो घायल – ट्रक चालक फरार

सीधी जिले के पिपराव थाना अंतर्गत बुधवार दोपहर करीब चार बजे चुहिया घाटी के घुमावदार मोड़ पर एक ट्रक ने सामने से आ रही कार को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में कार सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय राहगीरों की मदद से घायलों को तत्काल रीवा के संजय गांधी अस्पताल भेजा गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक चालक मोड़ पर वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रक ने कार को घसीटते हुए एक बड़ी चट्टान से टकरा दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के आगे और पीछे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक ट्रक चालक मौके से फरार हो चुका था। घायल व्यक्तियों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
रामपुर नैकिन थाना प्रभारी सुधांशु तिवारी ने मीडिया को बताया कि ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने और दुर्घटना की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही कार और ट्रक को जप्त कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
