महिला सशक्तिकरण पर विशेष,अंशिका ने अनुशासन और समर्पण से जिले को किया गौरवान्वित,अंशिका ने एयर राइफल शूटिंग से जिले को दिलाई पहचान

सफलता की कहानी
सीधी 27 मई 2025
मध्यप्रदेश के दूरस्थ जिले की सुश्री अंशिका गुप्ता ने अपने अनुशासन और समर्पण से 10 मीटर एयर राइफल शूटिंग से अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होने राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर कई पदकों को जीतकर तथा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर जिले को गौरवान्वित किया है।
सुश्री अंशिका की सफलता में उनके पिता श्री विश्वनाथ गुप्ता माता श्रीमती उर्मिला गुप्ता का विशेष योगदान रहा। उनके परिवार ने हमेशा बेटियों को उच्च गुणवत्ता की शिक्षा और आत्मनिर्भरता के अवसर प्रदान करने में विश्वास किया। सुश्री अंशिका की प्रतिभा को देखते हुए उन्हे आगे बढ़ने के अवसर प्रदान किए और अंशिका ने भी अपनी मेहनत से किसी को निराश नहीं किया। कुछ ही समय में अंशिका ने अंतर्विद्यालयीन प्रतियोगिताओं में जीत दर्ज की तथा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर सफलताएं पाई। 2019 में उन्होने खेलो इण्डिया यूथ गेम्स पुणे में 5वां स्थान प्राप्त किया जिसके लिए उन्हे खेलो इण्डिया छात्रवृत्ति अंतर्गत प्रशिक्षण, उपकरण और प्रतिमाह 10 हजार रूपये की सहायता दी गई। इस उपलब्धि पर उनके विद्यालय ने शैक्षणिक छात्रवृत्ति दी तथा मध्यप्रदेश शासन द्वारा 75 हजार रूपये के नगद पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया। वर्ष 2020 में उन्होंने खेलों इण्डिया यूथ गेम्स गुवाहटी में रजत पदक प्राप्त कर जिले और प्रदेश को गौरवान्वित किया। खेलो इण्डिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2021 कर्नाटक में मिक्स्ड राइफल श्रेणी में रजत पदक प्राप्त किया। अंशिका को हाल ही के खेलो इण्डिया यूनिवर्सिटी गेम्स संस्करण में फिर से अपने विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करने के लिए चयनित किया गया है।
अंतर्राष्ट्रीय प्रतिनिधित्व
सुश्री अंशिका ने वर्ष 2019 में इंटरनेशनल शूटिंग प्रतियोगिता हनोवर (जर्मनी) में तथा 2023 में एशियन शूटिंग चौंपियनशिप चांगवोन (दक्षिण कोरिया) में देश का प्रतिनिधित्व करते हुए सराहनीय प्रदर्शन किया। वर्ष 2020 में उन्हे मध्यप्रदेश सरकार द्वारा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान की ब्रांउ एम्बेसडर भी नियुक्त किया गया।
कोविड काल में गैराज को शूटिंग रेंज में बदला
अंशिका का अपने खेल के प्रति समर्पण और प्रेम इतना गहरा है कि कोरोना महामारी के दौरान जब पूरे देश में लाक डाउन था और सभी प्रशिक्षण केन्द्र बंद थे तब उनके परिवार ने एक अनोखा कदम उठाया। उन्होने अपने घर के गैराज को 10 मीटर की शूटिंग रेंज में बदल दिया ताकि अंशिका की ट्रेनिंग में कोई बाधा नही आए।
पदक विजयी उपलब्धियां
अंशिका ने 2019 भोपाल में 10 मी. राइफल जूनियर महिला में रजत, भोपाल में 10 मी. राइफल जूनियर महिला राष्ट्रीय टीम में कांस्य, इंदौर में 10 मी. पीप साइट राइफल जूनियर महिला में स्वर्ण, 10 मी. पीप साइट राइफल युथ/जूनियर महिला में स्वर्ण, 10 मी. पीप साइट राइफल महिला में रजत, 2021 भोपाल में 10 मी. राइफलयुथ महिला व्यक्तिगत में स्वर्ण, 10 मी. राइफल युथ महिला टीम में स्वर्ण, 10 मी. राइफल महिला सिविलियन टीम में रजत, 10 मी. राइफल जूनियर महिला राष्ट्रीय टीम में रजत, 2021 इंदौर में 50 मी. राइफल प्रोन महिला टीम में स्वर्ण, 2022 केरल में 10 मी. राइफल महिला सिविलियन टीम में स्वर्ण, 10 मी. राइफल युथ महिला टीम में कांस्य, 2023 केरल में 10 मी. राइफल युथ महिला में रजत, 10 मी. राइफल जूनियर महिला में कांस्य एवं 2023 नई दिल्ली 10मी. राइफल जूनियर महिला राष्ट्रीय टीम में रजत पदक जीत कर जिले एवं प्रदेश को गौरवान्वित किया।