उपचार के लिए दो आवेदकों को दी 10-10 हजार की सहायता – मुख्यमंत्री बाल हद्य उपचार योजना में ऑपरेशन कराने के निर्देश कलेक्टर की अध्यक्षता में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित

श्योपुर।
कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने जनसुनवाई में आवास की मांग लेकर आए आवेदकों को जानकारी दी कि प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 शुरू हो गई है, जिसके तहत आवेदन आनलाइन करने की प्रक्रिया जारी है। उन्होने बताया कि पिछले समय संचालित आवास योजना 1.0 के स्थान पर आवास योजना 2.0 हाल ही में शुरू हुई है। इसके तहत आवेदक नए सिरे से अपने आवेदन ऑनलाइन कर सकते हैं। आवास योजना में लाभ लेने के लिए किसी भी आनलाइन सेंटर से आवेदन किया जा सकता है। इसी प्रकार ग्रामीण क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा आवास प्लस 2024 सर्वेक्षण शुरू करने के निर्देश दिए गए है, जिसके तहत सर्वेयर जो कि संबंधित पंचायतों के सचिव अथवा रोजगार सहायक होंगे, उनका ई-केवायसी कर पंजीयन की प्रक्रिया की जा रही है। राज्य शासन से निर्देश मिलने के बाद अतिरिक्त पात्र ग्रामीण परिवारों की पहचान करने के लिए सर्वे शुरू किया जायेगा, अगले 3 माह में सर्वे की कार्यवाही पूर्ण की जाएगी। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई के दौरान सीईओ जिला पंचायत अतेंद्र सिंह गुर्जर, एसडीएम मनोज गढवाल सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। जनसुनवाई में कुल 119 आवेदन प्राप्त हुए।
बॉक्स:
उपचार के लिए दो आवेदकों को दी 10-10 हजार की सहायता
कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल द्वारा जनसुनवाई के दौरान रघुनाथपुर निवासी महिला शारदा जादौन पत्नि देवेंद्र जादौन को आंखो के उपचार के लिए रेडक्रॉस के माध्यम से 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि का चैक प्रदान किया गया। इसी प्रकार ग्राम ढेंगदा निवासी लेखराज राव को पत्नि विमला राव के उपचार हेतु 10 हजार रूपये की सहायता प्रदान की गई।
बॉक्स:
बाल हद्य उपचार योजना में ऑपरेशन कराने के निर्देश
कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल द्वारा विजयपुर विकासखंड के ग्राम अर्रोदरी निवासी रामसिंह रावत के आवेदन पर उनके साढे चार वर्षीय पुत्र प्रिंस का ऑपरेशन आरबीएसके कार्यक्रम तहत मुख्यमंत्री बाल हद्य उपचार योजना में कराए जाने के निर्देश स्वास्थ्य अधिकारियों को दिए गए। आवेदक ने बताया कि उनके पुत्र प्रिंस के दिल में छेद है, जिसका ऑपरेशन होना है। इस संबंध में कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल द्वारा स्वास्थ्य अधिकारियों के माध्यम से संबंधित आवेदक को अस्पताल भेजकर कार्यक्रम कोर्डीनेटर स्नेहलता गुर्जर के माध्यम से प्रक्रिया पूर्ण कराए जाने एवं नि:शुल्क ऑपरेशन कराये जाने के निर्देश दिए गए।
बॉक्स:
स्पोंस्रशिप योजना में लाभ देने के निर्देश
कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल द्वारा ग्राम टर्रामाफी निवासी बालक हनुमान पुत्र स्व. मनोज बैरवा को स्पोंस्रशिप योजना तहत लाभ दिए जाने के निर्देश महिला बाल विकास अधिकारी ओपी पांडेय को दिए गए। जनसुनवाई में बालक के साथ आये दादा छोटूलाल बैरवा ने बताया कि उनके पुत्र स्व. मनोज की मृत्यु हो गई है तथा बालक की मां अपने परिजनो के पास पीहर चली गई है। उक्त आवेदन के क्रम में बालक को स्पोंस्रशिप योजना अंतर्गत लाभ दिये जाने के निर्देश दिए गए।
बॉक्स:
महिला को मिला पात्रता पर्ची का लाभ
कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार जनसुनवाई के दौरान पात्रता पर्ची की मांग लेकर आई महिला संतोष गुर्जर निवासी तलावदा का नाम पोर्टल पर जोडने की कार्यवाही की गई। फूड आफिसर सुनील शर्मा ने बताया कि पात्रता पर्ची के लिए कैटेगरी पात्रतानुसार ऑनलाइन पोर्टल पर मैपिंग कर दी गई है। शीघ्र ही पात्रता पर्ची जारी हो जायेगी।
बॉक्स:
प्रकरण का परीक्षण कर आरबीसी 6-4 में लाभ देने के निर्देश
कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल द्वारा वर्षाकाल में पानी में डूबने से हुई मृत्यु के मामले में प्रकरण का परीक्षण कर आरबीसी 6-4 के तहत 4 लाख रूपये की सहायता राशि का लाभ दिए जाने निर्देश तहसीलदार श्योपुर अर्जुन सिंह भदौरिया को दिए गए। मंडी के पीछे श्योपुर निवासी महिला ग्यारसी आदिवासी ने आवेदन प्रस्तुत किया कि उसके पति स्व. प्रहलाद आदिवासी की वर्षाकाल में पानी में डूबने से मृत्यु हो गई थी। ब्यूरो चीफ नबी अहमद कुरैशी श्योपुर