ग्राम मनौरी में डायरिया से हुई लोगों की मृत्यु” के संबंध में डिजिटल मीडिया में प्रसारित समाचार की वस्तुस्थिति

प्राईड इंडिया न्यूज़ से सतीश कुमार यादव
विस्तार न्यूज (डिजिटल मीडिया) द्वारा ग्राम मनौरी में डायरिया से 12 मृत्यु का उल्लेख किया जा रहा है, जोकि पूर्णतः भ्रामक एवं असत्य है। इस संबंध में समाचार की वस्तुस्थिति स्पष्ट करते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि ग्राम मनौरी में डायरिया अर्थात उल्टी-दस्त से 03 मृत्यु एवं ग्राम बिझौरी विकासखण्ड बजाग में 02 मृत्यु हुई, जो कुल मृत्यु की संख्या 05 है। शेष 7 मृत्यु हार्ट अटैक, सर्पदंश जैसी अन्य कारणों से हुई है। उन्होंने बताया कि डायरिया फैलने की सूचना 06.07.2024 से खण्ड स्तरीय आरआरटी टीम, जिला कॉम्बेक्ट टीम एवं विगत 03 दिवस से मेडिकल कॉलेज जबलपुर की चिकित्सा टीम के द्वारा आपसी समन्यवय के साथ प्रभावित ग्रामों में डायरिया की रोकथाम के लिये संयुक्त रूप से व्यापक कार्य किये जा रहे हैं। जिसमें जिला प्रशासन के संयुक्त दल के द्वारा डायरिया के रोकथाम हेतु संपूर्ण प्रयास किये जा रहे हैं, जैसे जल स्त्रोतों का शुद्धिकरण हेतु ब्लीचिंग पावडर, क्लोरीनेशन, व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था कर जागरूकता हेतु कोटवार के माध्यम से ग्रामों मे नियमित मुनादी कराई जा रही है।
साथ ही जिला प्रशासन द्वारा मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रूपये राहत राशि संबल योजना के अंतर्गत दिये जाने हेतु पंचायत विभाग के द्वारा तत्परता से कार्यवाही कराई जा रही है।