पेंशन प्रकरणों का निराकरण के लिए 15 मार्च तक जिला पेंशन कार्यालय में आयोजित होगा शिविर

डिंडौरी : 01 मार्च 2024
कलेक्टर श्री विकास मिश्रा ने बताया कि 31-12-2023 तक सेवानिवृत्त/मृत/स्वैच्छिक सेवा निवृत्ति को सामान्य कारणों से 18 पेंशन प्रकरण लंबित है। उक्त प्रकरणों में से कुछ प्रकरण जो आज दिनांक तक जिला पेंशन कार्यालय में एक भी बार प्रस्तुत ही नहीं किये गये है और कुछ प्रकरण जो कमियों की पूर्ति उपरांत वापस प्राप्त नहीं हुए है।
अतः जिला प्रशासन द्वारा 31-12-2023 तक सेवानिवृत्त/मृत/स्वैच्छिक सेवा निवृति के पेंशन प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण किये जाने हेतु जिला पेंशन कार्यालय में 01 मार्च से 15 मार्च 2024 तक पेंशन शिविर आयोजित किया जा रहा है। उक्त शिविर में 31-12-2023 तक सेवानिवृत्त/मृत/स्वैच्छिक सेवा निवृत्ति के सामान्य कारणों से लंबित समस्त पेंशन प्रकरण पूर्व कमी की पूर्ति उपरांत पेशन कार्यालय में जमा कर पी०पी०ओ० जारी कराया जाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि किसी प्रकरण में वर्तमान में पी०पी०ओ० जारी किया जाना संभव न हो, तो उसकी वस्तुस्थिति के संबंध में स्पष्ट जानकारी से पेशन कार्यालय को लिखित में अवगत कराने कहा गया है। शिविर समाप्ति पश्चात बिना किसी विशेष कारण के 31-12-2023 तक सेवानिवृत्त/मृत शासकीय सेवकों में पेंशन प्रकरण लंबित रहने की स्थिति में संबंधित आहरण संवितरण अधिकारी की व्यक्तिगत जवाबदारी निर्धारित कर कमिश्नर जबलपुर सभाग जबलपुर को अवगत कराया जायेगा।