
राजस्थान रायल्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच शुक्रवार को आइपीएल मैच बेहद नाटकीय अंदाज में खत्म हुआ। अंतिम ओवर में एक फुलटास गेंद को नोबाल नहीं दिए जाने पर दिल्ली के कप्तान रिषभ पंत अंपायर से नाराज नजर आए और उन्होंने अपने बल्लेबाजों को मैदान से बाहर आने का इशारा तक कर किया। इसके बाद सुबह आईपीएल प्रबंधन ने सख्त फैसला लिया। अम्पायर का फैसला नहीं मानने पर ऋषभ पंत पर 100 फीसदी मैच फीस का जुर्माना लगाया गया है। प्रवीण आमरे पर 100 फीसदी मैच फीस और एक मैच का बैन लगाया गया। वहीं शार्दुल ठाकुर पर भी 50 फीसदी मैच फीस का जुर्माना लगाया गया है। इन सभी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
पढ़िए पूरा घटनाक्रम
दिल्ली को जीत के लिए आखिरी ओवर में 36 रन बनाने थे। राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन ने गेंदबाजी के लिए ओबेड मैककाय को गेंद सौंपी। रोवमैन पोवेल ने इस ओवर की शुरुआती तीन गेंदों पर छक्के जड़ दिए। इसके बाद तीसरी गेंद को लेकर विवाद हुआ। मैककाय की यह गेंद फुलटास थी। गेंद की ऊंचाई को लेकर पोवेल ने अंपायर से नोबाल की मांग की, लेकिन अंपायर ने नोबाल नहीं दी और थर्ड अंपायर से सलाह भी नहीं ली।
इस पर पंत भड़क गए। इसके बाद पंत ने अपने दोनों बल्लेबाजों पोवेल और कुलदीप यादव को बाहर आने के लिए इशारा किया। पंत के पीछे से उनकी टीम के कई खिलाड़ी लगातार नोबाल की मांग कर रहे थे। पंत गुस्से में दिखाई दे रहे थे। बाउंड्री पर खड़े विपक्षी टीम के खिलाड़ी जोस बटलर उनके सामने गए और उन्हें समझाया। इसी बीच टीम के सहायक कोच प्रवीण आमरे मैदान में दौड़कर गए और अंपायरों से कहा कि उनकी टीम आगे खेलने के लिए तैयार हैं। अगली तीन गेंदों पर पोवेल ने सिर्फ दो रन बनाए और आउट भी हो गए।