यूपी चुनाव: मायावती ने मुख्तार अंसारी का टिकट काटा, AIMIM ने दिया ऑफर

यूपी चुनाव: बहुजन समाज पार्टी (BSP) सुप्रीमो मायावती ने मऊ विधानसभा सीट से बाहुबली मुख्तार अंसारी (Mukhtar Ansari) का टिकट काट दिया है। मायावती ने साफ कहा है कि उनकी पार्टी इन चुनावों में साफ छवि वाले नेताओं को टिकट देगी। यही कारण है कि पार्टी ने इस बार मऊ से मुख्तार अंसारी के स्थान पर भीम राजभर को टिकट देने का ऐलान किया है। इसके बाद असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM ने मुख्तार अंसारी को अपनी पार्टी से चुनाव लड़ने का ऑफर दे दिया है। एआईएमआईएम के यूपी अध्यक्ष शौकत अली के मुताबिक, उनकी पार्टी मुख़्तार अंसारी को अपनाने के लिए तैयार है। उनका कहना है कि जबतक कोई सज़ायाफ्ता न हो जाये, वो दोषी नहीं है।
मायावती का बड़ा ऐलान, मऊ से भीम राजभर
इससे पहले मायावती ने ट्वीट कर यह जानकारी दी। बसपा सुप्रीमों ने लिखा, ‘ बीएसपी का अगामी यूपी विधानसभा आमचुनाव में प्रयास होगा कि किसी भी बाहुबली व माफिया आदि को पार्टी से चुनाव न लड़ाया जाए। इसके मद्देनजर ही आजमगढ़ मण्डल की मऊ विधानसभा सीट से अब मुख्तार अंसारी का नहीं बल्कि यूपी के बीएसपी स्टेट अध्यक्ष भीम राजभर के नाम को फाइनल किया गया है।’
मायावती के मुताबिक, जनता की कसौटी व उनकी उम्मीदों पर खरा उतरने के प्रयासों के तहत ही लिए गए इस निर्णय के फलस्वरूप पार्टी प्रभारियों से अपील है कि वे पार्टी उम्मीदवारों का चयन करते समय इस बात का खास ध्यान रखें ताकि सरकार बनने पर ऐसे तत्वों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करने में कोई भी दिक्कत न हो। बीएसपी का संकल्प ’कानून द्वारा कानून का राज’ के साथ ही यूपी की तस्वीर को भी अब बदल देने का है ताकि प्रदेश व देश ही नहीं बल्कि बच्चा-बच्चा कहे कि सरकार हो तो बहनजी की ’सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय’ जैसी तथा बीएसपी जो कहती है वह करके भी दिखाती है यही पार्टी की सही पहचान भी है।