समग्र आईडी मृत घोषित कर डिलीट करने का आरोप, सरकारी योजनाओं से वंचित महिला ने कलेक्टर से लगाई गुहार

(जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव )
ग्राम पंचायत सैलवार के रोजगार सहायक पर कार्रवाई की मांग, लाड़ली बहना, पेंशन, राशन और छात्रवृत्ति का लाभ प्रभावित होने का दावा
डिंडौरी/करंजिया। ग्राम पंचायत सैलवार, जनपद पंचायत करंजिया क्षेत्र की रहने वाली ललिता बाई पट्टा ने अपनी समग्र आईडी को मृत घोषित कर डिलीट किए जाने की शिकायत जिला कलेक्टर से की है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि ग्राम पंचायत के रोजगार सहायक द्वारा उनकी समग्र आईडी को मृत घोषित कर दिया गया, जिसके कारण उन्हें विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
कलेक्टर को दिए गए आवेदन में ललिता बाई पट्टा ने बताया कि वह ग्राम बचटोला, ग्राम पंचायत सैलवार, जनपद पंचायत करंजिया की स्थायी निवासी हैं। उनके पति नरेंद्र पट्टा की 9 अप्रैल 2026 को सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। उनके परिवार में एक बेटा और दो बेटियां हैं, जिनका पालन-पोषण अब उनके ऊपर है।
शिकायत के अनुसार, पति की मृत्यु के बाद जब वह पेंशन संबंधी दस्तावेज भरवाने ग्राम पंचायत पहुंचीं, तब उन्हें जानकारी मिली कि उनकी समग्र आईडी को मृत घोषित कर डिलीट कर दिया गया है। आवेदन में इसके लिए ग्राम रोजगार सहायक मदन नागवंशी को जिम्मेदार बताया गया है।
ललिता बाई का कहना है कि समग्र आईडी डिलीट होने के कारण उन्हें लाड़ली बहना योजना की राशि नहीं मिल रही है और न ही पेंशन के लिए आवेदन कर पा रही हैं। इसके अलावा समग्र आईडी नहीं होने से आय प्रमाण-पत्र बनवाने में भी परेशानी आ रही है। शिकायत में बताया गया है कि उनकी बेटी को महाविद्यालय की छात्रवृत्ति से वंचित होना पड़ा है तथा परिवार को राशन मिलने में भी परेशानी हो रही है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, इस संबंध में जनपद पंचायत करंजिया के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को लिखित आवेदन देकर सूचना दी जा चुकी है, लेकिन आवेदन देने के बाद भी अब तक कोई कार्रवाई नहीं होने का आरोप है। इससे परिवार को आर्थिक एवं पालन-पोषण संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ललिता बाई पट्टा ने जिला कलेक्टर से मामले की जांच कर समग्र आईडी को पुनः सही कराने तथा जिन शासकीय योजनाओं का लाभ आईडी डिलीट होने के कारण बंद हुआ है, उन्हें पुनः प्रारंभ कराने की मांग की है। उन्होंने संबंधित जिम्मेदार व्यक्ति के विरुद्ध उचित कार्रवाई किए जाने का भी अनुरोध किया है।