नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में युवक गिरफ्तार

मुबारक अली संवाददाता
शाहजहांपुर। कांट थाना पुलिस ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 3 फरवरी 2026 को एक व्यक्ति ने अपनी करीब 15 वर्षीय नाबालिग पुत्री को अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की सूचना दी थी। इस संबंध में कांट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान मामले में अर्जुन पुत्र ठाकुरदास निवासी ग्राम अकबरपुर, थाना खुदागंज का नाम प्रकाश में आया। पुलिस ने मामले में बीएनएस की संबंधित धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई थीं।
पुलिस टीम वांछित आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर शनिवार को करीब 10:20 बजे चौहानापुर रोड स्थित सरथौली यात्री शेड के पास से आरोपी अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार तोमर, उपनिरीक्षक सुधीर कुमार, उपनिरीक्षक इन्द्रपाल सिंह आदि शामिल रहे।