संपूर्ण समाधान तहसील दिवस में 34 शिकायतें, पांच का मौके पर निस्तारण

मुबारक अली संवाददाता
शाहजहांपुर। तहसील सदर में शुक्रवार को जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान तहसील दिवस आयोजित किया गया। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
तहसील दिवस में कुल 34 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से पांच शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। शेष शिकायतों के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता अनुज प्रताप सिंह के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और उनका स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
डीएम ने निर्देश दिए कि शिकायतों की मौके पर जांच कर शिकायतकर्ता से संवाद स्थापित करते हुए समाधान कराया जाए। साथ ही जियो-टैग फोटो के साथ निस्तारण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि शिकायतों का समाधान केवल कागजों तक सीमित न रहे और फरियादियों को वास्तविक राहत मिल सके।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा, उप जिलाधिकारी सदर अतुल कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।