छुहिया घाटी में उड़ीसा पुलिस पर हमले का बड़ा खुलासा

बंदी छुड़ाने की साजिश में एक आरोपी गिरफ्तार, 2 वाहन बरामद; फरार आरोपियों पर ₹30-₹30 हजार का इनाम

0 2,446

 

सीधी। 03 अक्टूबर 2026।

रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र की छुहिया घाटी में उड़ीसा पुलिस दल को घेरकर हमला करने और पुलिस अभिरक्षा से बंदी को छुड़ाकर ले जाने की सनसनीखेज घटना का सीधी पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में कुंवर प्रताप सिंह उर्फ शिवम सिंह बघेल को गिरफ्तार किया है। घटना में प्रयुक्त दो वाहनों को भी बरामद किया गया है।

पहले से रची गई थी बंदी छुड़ाने की साजिश

पुलिस के मुताबिक, 29 सितंबर 2026 को उड़ीसा पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी सर्किल जेल फुलवानी, जिला कंधमाल से बंदी आदित्य मिश्रा को प्रोडक्शन वारंट पर विशेष न्यायालय रीवा में पेश करने ला रहे थे। इसी दौरान छुहिया पहाड़ की चढ़ाई पर आरोपियों ने अलग-अलग वाहनों से पुलिस वाहन को घेरकर रास्ता रोक दिया।

आरोपियों ने पुलिस वाहन के शीशे, बोनट और अन्य हिस्सों पर डंडों व बेसबॉल बैट से हमला किया तथा पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की। पुलिस के अनुसार, इस दौरान फायरिंग की गई और वाहन के अंदर स्प्रे भी किया गया। हमले का फायदा उठाकर बंदी को पुलिस अभिरक्षा से जबरन उतारकर आरोपी अपने साथ ले गए।

चार जिलों की पुलिस ने चलाया संयुक्त अभियान

घटना की गंभीरता को देखते हुए सीधी, रीवा, मैहर और मऊगंज जिले की पुलिस टीमों को जांच में लगाया गया। तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर सूचना और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करते हुए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई।

एक आरोपी गिरफ्तार, दो वाहन बरामद

पुलिस ने कुंवर प्रताप सिंह उर्फ शिवम सिंह बघेल, निवासी ग्राम चौखड़ा, थाना जनेह, जिला रीवा एवं वर्तमान निवासी प्रयागराज को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में बंदी आदित्य मिश्रा को छुड़ाने के लिए पूर्व से योजना बनाए जाने की जानकारी सामने आने की बात पुलिस ने कही है।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टाटा हैरियर क्रमांक DL3CCR0538 तथा वाहन क्रमांक GJ34D5455 बरामद किया है। वहीं एक सफेद टाटा हैरियर और ब्रेजा वाहन की तलाश जारी है।

8 नाम सामने आए, अन्य आरोपियों की भी तलाश

पुलिस के अनुसार पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कुलदीप ओझा, संजय पटेल, सचिन पटेल, आशीष पटेल, संग्राम सिंह, राजा पटेल, पुन्नी और रवि सहित अन्य 4-5 व्यक्तियों की पहचान हुई है।

फरार आरोपियों पर ₹30 हजार प्रति आरोपी का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस ने आमजन से आरोपियों के संबंध में विश्वसनीय जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की है।

रामपुर नैकिन थाने में अपराध दर्ज

मामले में थाना रामपुर नैकिन में अपराध क्रमांक 1000/2026 दर्ज किया गया है। भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ धारा 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी, प्रभारी SDOP चुरहट रावेन्द्र द्विवेदी, थाना प्रभारी रामपुर नैकिन सुधांशु तिवारी, थाना प्रभारी जमोड़ी केदार परौहा, चौकी प्रभारी पिपरांव शेषमणि मिश्रा तथा जिला साइबर टीम का विशेष योगदान रहा।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment