इंदौर में छात्रों की गूंज में राहुल गांधी के सम्बोधन का कांग्रेस भवन में हुआ सीधा प्रसारण

कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञान सिंह सहित पदाधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-युवा रहे मौजूद
इंदौर में शनिवार को लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राहुल गांधी ने विद्यार्थियों और युवाओं से सीधे संवाद करते हुए उनकी शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं, पेपर लीक, परीक्षा व्यवस्था तथा भविष्य से जुड़ी चिंताओं और अपेक्षाओं को सुना।
जिला युवा कांग्रेस के अध्यक्ष करुण सिंह और उनकी टीम के द्वारा छात्रों की गूंज कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जवाहर कांग्रेस भवन, सीधी में भी किया गया, जहां जिले के छात्र-युवा बड़ी संख्या में उपस्थित होकर राहुल गांधी के संवाद को देखा और सुना। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह सहित कांग्रेस के पदाधिकारी, युवा कांग्रेस एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने युवाओं से उनके सामने आने वाली चुनौतियों, शिक्षा व्यवस्था, रोजगार के अवसरों और प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित समस्याओं पर संवाद किया। उन्होंने युवाओं की बात सुनते हुए उनके सवालों और भविष्य को लेकर उनकी चिंताओं को समझने पर जोर दिया।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने जवाहर कांग्रेस भवन में उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं एवं युवाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि युवाओं की भागीदारी और उनकी आवाज लोकतांत्रिक संवाद को मजबूत करती है। उन्होंने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक शामिल होने के लिए सभी युवाओं, छात्रों, कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।