शराब के लिए पैसे मांगने से मना करने पर मारपीट, धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार

0 357


सीधी। थाना कमर्जी पुलिस ने मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी गुलाब पटेल (23) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस ने आरोपी को घटना के दो दिन के भीतर गिरफ्तार किया।
दुकान पर पैसे मांगने को लेकर हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर 2026 को ग्राम शिवपुरवा निवासी नन्दलाल पटेल (55) ने कमर्जी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनका पुत्र अंकित पटेल गांव की दुकान पर सामान लेने गया था। मोबाइल से भुगतान करने के बाद दुकान पर मौजूद गुलाब पटेल ने शराब पीने के लिए उससे पैसे मांगे। पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
विवाद की जानकारी मिलने पर नन्दलाल पटेल बीच-बचाव करने पहुंचे, जहां आरोपी ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें जमीन पर पटक दिया। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया। आरोप है कि जाते समय आरोपी ने जान से खत्म करने की धमकी भी दी।
दो दिन में आरोपी गिरफ्तार
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना कमर्जी में अपराध क्रमांक 346/2026 के तहत BNS की धाराओं 296, 115(2), 351(3) एवं 119(1) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 18 सितंबर को आरोपी गुलाब पटेल, पिता रामनिधि पटेल, निवासी ग्राम शिवपुरवा, थाना कमर्जी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। मामले में विवेचना जारी है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं एसडीओपी चुरहट के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कमर्जी सुधाकर परिहार के नेतृत्व में की गई।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
आरोपी की गिरफ्तारी में प्रधान आरक्षक 57 अभय वर्मा, आरक्षक 460 शिवम पांडेय, प्रधान आरक्षक 234 धर्मराज सिंह एवं आरक्षक 77 नीरज सिंह की सराहनीय भूमिका रही।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment