पंचायत सचिव की गैरहाजिरी से ठप पड़ा कामकाज, ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी

दो महीने से कार्यालय नहीं पहुंचने का आरोप, जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
(जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव )
डिंडोरी। जिले के शाहपुरा जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत बिलगांव में पंचायत सचिव की कथित लगातार अनुपस्थिति के चलते ग्रामीणों को पंचायत संबंधी कार्यों के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत सचिव पिछले करीब दो महीने से पंचायत कार्यालय नहीं पहुंच रहे हैं, जिसके कारण कई जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक, पंचायत सचिव के कार्यालय में उपलब्ध नहीं रहने से जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य शासकीय कार्यों के लिए उन्हें बार-बार पंचायत कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। दूर-दराज से पंचायत पहुंचने के बाद भी सचिव के नहीं मिलने पर ग्रामीणों को निराश होकर लौटना पड़ता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत सचिव की लगातार अनुपस्थिति के बावजूद संबंधित अधिकारियों द्वारा अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है और पंचायत के नियमित कामकाज पर भी इसका असर पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने जनपद पंचायत शाहपुरा के अधिकारियों से मामले की जांच कराने और पंचायत सचिव की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत कार्यालय में जिम्मेदार कर्मचारी की उपलब्धता सुनिश्चित होने से ही उन्हें शासन की योजनाओं और जरूरी दस्तावेजों से जुड़े कार्यों का समय पर लाभ मिल सकेगा।
अब देखने वाली बात होगी कि शिकायत के बाद जनपद पंचायत के जिम्मेदार अधिकारी मामले की जांच कर क्या कार्रवाई करते हैं।