शाहजहांपुर में प्रभारी मंत्री ने बाढ़ प्रभावित कसारी गांव का किया निरीक्षण, ग्रामीणों को बांटी राहत किट

0 74

मुबारक अली संवाददाता

शाहजहांपुर। जनपद के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने सोमवार को जलालाबाद क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित ग्राम कसारी का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर बाढ़ की स्थिति और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उनके साथ जलालाबाद विधायक हरिप्रकाश वर्मा और जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह भी मौजूद रहे।

 

निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने संपर्क मार्ग और बाढ़ से बचाव के लिए बांध निर्माण की मांग रखी। इस पर प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को संपर्क मार्ग की सुरक्षा के लिए दोनों ओर दीवार निर्माण की कार्रवाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ का पानी उतरने के बाद ग्राम कसारी को बाढ़ से बचाने के लिए बांध निर्माण की कार्रवाई जल्द शुरू कराई जाएगी।

 

प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को खाद्य सामग्री, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाएं और अन्य जरूरी राहत समय से उपलब्ध कराई जाए। जनहानि, पशुहानि और फसल क्षति का सर्वे कर प्रभावित लोगों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने के भी निर्देश दिए।

 

इसके बाद प्रभारी मंत्री ने कोला स्थित विद्यालय में बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को राहत राशन किट वितरित की। इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने बताया कि उनके मकान रहने योग्य नहीं बचे हैं। मंत्री ने अधिकारियों को उनके रहने की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए।

 

एडीएम वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार ने बताया कि जलालाबाद तहसील के 19 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। चार बाढ़ शरणालय संचालित हैं। प्रशासन ने निगरानी के लिए 13 बाढ़ चौकियां, राहत-बचाव के लिए 30 नाव और 10 मोटर बोट उपलब्ध कराई हैं। अब तक 1,688 लोगों का उपचार और 276 पशुओं का उपचार किया गया है, जबकि 1,263 पशुओं का टीकाकरण कराया गया है। प्रभावित परिवारों को खाद्यान्न पैकेट, तिरपाल, ओआरएस और क्लोरीन टैबलेट सहित राहत सामग्री भी वितरित की जा रही है।

 

जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने प्रभारी मंत्री को जनपद में बाढ़ की मौजूदा स्थिति और प्रशासन द्वारा संचालित राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी दी। अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी और जरूरतमंद परिवारों तक समय से सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment