चारपानी में प्री जन विश्वास शिविर आयोजित, ग्रामीणों को मौके पर मिली योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी 

0 39

रिपोर्टर -सोहन श्याम

 

डिंडौरी-विकासखंड अमरपुर के दूरस्थ ग्राम पंचायत चारपानी में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत प्री जन विश्वास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्वास्थ्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, महिला एवं बाल विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं मैदानी कर्मचारी उपस्थित रहे। एसडीएम रामबाबू देवांगन एवं सीईओ जनपद पंचायत अमरपुर लोकेश नारन्यौरे सहित अधिकारियों ने प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला चारपानी का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कक्षा 6वीं से 8वीं तक के विद्यार्थियों से संवाद कर सामान्य ज्ञान एवं भविष्य की शिक्षा के संबंध में जानकारी दी। इस दौरान अधिकारियों ने विद्यार्थियों के साथ बैठकर मध्यान्ह भोजन भी किया और समूह को पौष्टिक भोजन तैयार करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने आंगनबाड़ी केंद्र निघौरी-2 एवं मनौरी का निरीक्षण कर बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण की जानकारी ली तथा आवश्यक निर्देश दिए। ग्राम चारपानी में निर्माणाधीन सामुदायिक भवन और ग्राम मनौरी में ग्राम पंचायत भवन के अतिरिक्त कक्ष का निरीक्षण कर दोनों कार्यों को 15 दिवस में पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। बैगा बस्ती का निरीक्षण कर सीसी रोड निर्माण के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। ग्राम चारपानी में पेयजल समस्या के समाधान के लिए चार स्थानों पर 2-2 हजार लीटर क्षमता की टंकियां स्थापित कर कुएं में मोटर के माध्यम से जलापूर्ति की व्यवस्था करने के निर्देश सरपंच एवं सहायक यंत्री पीएचई को दिए गए।

शिविर में राजस्व विभाग द्वारा किसानों के फार्मर रजिस्ट्री एवं ई-केवायसी का कार्य किया गया। पंचायत विभाग द्वारा चार व्यक्तियों का संबल पंजीयन एवं समग्र ई-केवायसी कराया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 55 लोगों की बीपी एवं शुगर जांच की। इसके अलावा 10 लोगों की मलेरिया, 5 लोगों की टीबी तथा 62 लोगों की सिकल सेल एनीमिया की जांच की गई और आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया। बीएमओ डॉ. मरकाम एवं उनकी टीम ने स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं। ग्रामीणों को स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना-2026 की जानकारी देते हुए समय-सीमा में रजिस्ट्री कराने के लिए प्रेरित किया गया। शिविर में चारपानी, निघौरी एवं मनौरी के पंचायत सचिव, ग्राम रोजगार सहायक सहित अन्य मैदानी अमला उपस्थित रहा। ग्रामीणों ने दूरस्थ क्षेत्र में शिविर आयोजित कर विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment