जन विश्वास अभियान शिविर की तैयारियों का कलेक्टर ने किया निरीक्षण

0 36

 

रिपोर्टर-सोहन श्याम

 

डिंडौरी-जन विश्वास अभियान के अंतर्गत शनिवार को ग्राम पंचायत गौराकन्हारी में आयोजित हो रहे जन विश्वास अभियान शिविर की तैयारियों का कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर स्थल पर की गई व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

कलेक्टर ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल, नागरिकों के लिए बैठने की व्यवस्था, पेयजल, पंजीयन एवं आवेदन प्राप्त करने की व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में आने वाले नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा प्रत्येक विभाग अपने स्टॉल पर योजनाओं, सेवाओं एवं पात्रता से संबंधित आवश्यक जानकारी और प्रपत्र उपलब्ध रखें।

 

उन्होंने कहा कि जन विश्वास अभियान शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सहज एवं सरल रूप से उपलब्ध कराना है। अधिकारी शिविर में प्राप्त होने वाले आवेदनों और शिकायतों को गंभीरता से सुनें तथा नियमानुसार यथासंभव मौके पर ही निराकरण की कार्रवाई सुनिश्चित करें।

 

कलेक्टर ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शिविर को व्यवस्थित एवं जनोपयोगी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारियों की सक्रिय सहभागिता से आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी एवं सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।

 

निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर श्री जे पी यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment