बिजली के पोल से भिड़ी बाइक, दो चचेरे भाइयों की गई जान

निगोही के हरसेली मोड़ पर हुआ दर्दनाक हादसा, घर वापस लौट रहे थे दोनों युवक
मुबारक अली संवाददाता
शाहजहांपुर। निगोही क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। हरसेली मोड़ के पास तेज रफ्तार बाइक अचानक बेकाबू होकर सड़क से नीचे उतर गई और खेत में लगे बिजली के पोल से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार दो चचेरे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई।
नारायनपुर गांव निवासी अरुण (21) और लक्ष्मीकांत उर्फ झंडू (20) शुक्रवार को किसी काम से बाहर गए थे। शाम करीब चार बजे दोनों बाइक से वापस गांव की ओर आ रहे थे। हरसेली मोड़ के पास पहुंचते ही बाइक अनियंत्रित हो गई। सड़क से उतरकर बाइक खेत में पहुंची और बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
राहगीरों से सूचना मिलने के बाद निगोही कोतवाल राजीव तोमर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसे की सूचना मिलने पर पूर्व विधायक रोशन लाल वर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मृतकों के स्वजन से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। एक साथ दो युवकों की मौत से परिवार में चीख-पुकार मची हुई है, वहीं गांव में भी शोक का माहौल है।
सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बाइक के अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकराने की बात सामने आई है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।