सिहावल में उमड़ा अकीदत का महासैलाब: 10 हजार जायरीनों से गूंजा ‘लब्बैक या रसूलल्लाह’, पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल भी हुए शामिल”

0 449

 

प्राइड इंडिया न्यूज़, सीधी | सिहावल रिपोर्ट — शाहिद खान

 

सिहावल। जश्ने ईद मिलादुन्नबी का मुबारक पर्व सिहावल में अकीदत, उल्लास और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। सिहावल विधानसभा क्षेत्र के सैकड़ों गांवों से अकीदतमंद जुलूसे मोहम्मदी के रूप में सिहावल पहुंचे। मुस्लिम समाज एरिया कमेटी के अध्यक्ष गुलफाम मोहम्मद के घर के समीप आयोजित जलसे में करीब दस हजार जायरीनों के शामिल होने का अनुमान रहा। मुख्य उलेमा के रूप में मुफ्ती जियारत हुसैन साहब ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की सीरत, अमन, इंसानियत, रहम और इंसाफ के पैगाम पर रोशनी डाली। नात-ए-पाक की सदाओं और “लब्बैक या रसूल अल्लाह” के नारों से पूरा सिहावल गूंज उठा और माहौल रूहानी हो गया।

 

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल की खास मौजूदगी रही। उन्होंने जुलूसे मोहम्मदी एवं मिलाद शरीफ में शिरकत कर क्षेत्रवासियों को जश्ने ईद मिलादुन्नबी की दिली मुबारकबाद दी। इस दौरान अमन, शांति, सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे का संदेश दिया गया। पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल के पिता पूर्व मंत्री स्वर्गीय इंद्रजीत कुमार पटेल का भी मुस्लिम समाज से लंबे समय से आत्मीय जुड़ाव रहा है। इसी सामाजिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए कमलेश्वर पटेल विभिन्न वर्गों और समुदायों के आयोजनों में सहभागिता करते रहे हैं। उनकी मौजूदगी को सिहावल की गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक सौहार्द की परंपरा को मजबूती देने वाली सहभागिता के रूप में देखा गया।

 

आयोजन के दौरान प्रशासन और पुलिस ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बरती। सिहावल तहसीलदार जयप्रकाश पांडेय ने क्षेत्र में सतत निगरानी रखी, वहीं चौकी प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह बघेल संयुक्त पुलिस टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे। भीड़ को देखते हुए पुलिस एवं प्रशासनिक अमले ने सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की। पूरे आयोजन के दौरान सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने पर विशेष जोर रहा और जश्ने ईद मिलादुन्नबी का कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment