निर्माणाधीन मकान से चोरी का खुलासा, कोतवाली पुलिस ने मोबाइल समेत पूरा सामान किया बरामद

सीधी। डैनिहा स्थित अल्का छाया होटल के पीछे निर्माणाधीन मकान के पास तंबू में रखे सामान की चोरी के मामले का कोतवाली पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी गया Samsung Galaxy A54 5G मोबाइल, टाइल्स कटर मशीन, ग्रिल कटर मशीन सहित संपूर्ण मशरूका बरामद कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सुजीत कड़वे के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई की।
फरियादी सर्वोत्तम कुमार मिश्रा ने पुलिस को बताया कि डैनिहा स्थित अल्का छाया होटल के पीछे उसके नए मकान का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माणाधीन मकान के पास बरसाती का तंबू लगाकर वह रहता था। 20 जुलाई 2026 की रात करीब 11 बजे से 12 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति ने तंबू में रखा मोबाइल फोन, टाइल्स काटने की मशीन और ग्रिल काटने की मशीन चोरी कर ली थी।
फरियादी ने घटना की जानकारी परिजनों एवं परिचितों को देने के बाद काफी तलाश की और 23 अगस्त 2026 को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पतासाजी शुरू की। पुलिस टीम के लगातार प्रयासों के बाद चोरी गया संपूर्ण सामान बरामद कर लिया गया।
बरामद सामान
Samsung Galaxy A54 5G मोबाइल फोन
टाइल्स काटने की मशीन
ग्रिल काटने की मशीन
अन्य चोरी गया संपूर्ण मशरूका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली उनि दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, प्रआर बालेन्द्र एवं गोपाल का सराहनीय योगदान रहा।
सीधी पुलिस द्वारा चोरी सहित अन्य अपराधों की रोकथाम, त्वरित पतासाजी और चोरी गए माल की बरामदगी के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।