माह से लापता 16 वर्षीय बालिका यूपी से सकुशल दस्तयाब, आरोपी अभिरक्षा में

तकनीकी साक्ष्यों और पुलिस के सतत प्रयासों से खड्डी पुलिस को मिली सफलता
सीधी। चौकी खड्डी पुलिस ने करीब दो माह से लापता 16 वर्षीय बालिका को उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले से सकुशल दस्तयाब कर लिया है। मामले में बालिका के कथन एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण में सुसंगत धाराओं का इजाफा कर आरोपी को अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 25 जून 2026 को फरियादी ने चौकी खड्डी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी 16 वर्षीय पुत्री 22 जून को सुबह करीब 10 बजे शिव मंदिर चन्दरेह जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा काफी तलाश किए जाने के बावजूद बालिका का कोई पता नहीं चल सका।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं एसडीओपी चुरहट रवि प्रकाश कौल के मार्गदर्शन में चौकी खड्डी पुलिस ने बालिका की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और उपलब्ध जानकारी के आधार पर लगातार विभिन्न स्थानों पर पतासाजी की।
पुलिस के सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप 25 अगस्त 2026 को बालिका को ग्राम नरई, थाना संग्रामगढ़, जिला प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश से सकुशल दस्तयाब कर लिया गया। दस्तयाबी के बाद बालिका एवं फरियादी के कथनों तथा प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण में सुसंगत धाराओं का इजाफा किया गया और आरोपी को अभिरक्षा में लिया गया। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
बालिका की तलाश एवं दस्तयाबी में चौकी प्रभारी खड्डी एएसआई नीरज कुमार, एचसी 35 रामसुंदर, आरक्षक 81 रविन्द्र सिंह, आरक्षक 648 वेद प्रकाश तथा साइबर सेल से कृष्ण मुरारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सीधी पुलिस ने कहा कि आमजन की सुरक्षा के साथ महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा तथा गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई कर रही है।