सीधी जिले में तालाब में डूबने से दो बच्चों की मौत, सेमरिया अस्पताल में डॉक्टर नहीं मिलने पर हंगामा

सेमरिया। सीधी जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हस्तिनापुर में रविवार शाम तालाब में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन दोनों बच्चों को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सेमरिया पहुंचे, जहां ड्यूटी पर चिकित्सक के मौजूद नहीं होने का आरोप लगाते हुए परिजनों और ग्रामीणों ने जमकर नाराजगी जताई। अस्पताल परिसर में कुछ देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
जानकारी के अनुसार हस्तिनापुर गांव के चार बच्चे घर से करीब तीन किलोमीटर दूर स्थित एक छोटे तालाब में मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान 15 वर्षीय पंकज केवट पिता रमेश केवट और 10 वर्षीय अर्पित केवट पिता ओमप्रकाश केवट तालाब के गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उनके साथ मौजूद दो अन्य बच्चों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी।
सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण तालाब पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया और उन्हें सेमरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
डॉक्टर की अनुपस्थिति को लेकर परिजनों में आक्रोश
अस्पताल पहुंचने पर परिजनों ने आरोप लगाया कि ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक मौके पर मौजूद नहीं थे। उनका कहना था कि बच्चों के चिकित्सकीय परीक्षण और उपचार के लिए उन्हें काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। इससे परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए और अस्पताल परिसर में हंगामे की स्थिति निर्मित हो गई।
परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए संबंधित चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। परिजनों का यह भी आरोप है कि घटना की सूचना 112 पर देने के बावजूद तत्काल वाहन उपलब्ध नहीं हुआ, जिसके चलते उन्हें बच्चों को मोटरसाइकिल से अस्पताल ले जाना पड़ा।
पुलिस ने संभाली स्थिति, पोस्टमार्टम के लिए भेजे शव
हंगामे की सूचना मिलने पर सेमरिया थाना प्रभारी विवेक द्विवेदी पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और परिजनों व ग्रामीणों को समझाकर स्थिति शांत कराई। इसके बाद दोनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद हस्तिनापुर गांव में मातम पसरा हुआ है। वहीं, सेमरिया अस्पताल में चिकित्सक की कथित अनुपस्थिति और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।