विश्व आदिवासी दिवस पर कुबरी क्षेत्र में हुए विभिन्न आयोजन, सैकड़ों लोग हुए शामिल

0 77

रिपोर्ट➖नेशनल ब्यूरो चीफ राकेश शर्मा

 

कुबरी- विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर सर्व धर्म मानव सेवा समिति कुबरी के तत्वावधान में ग्राम पंचायत कुबरी स्थित जंगल चौकी के पास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा, अधिकार, शिक्षा और सामाजिक एकता को लेकर चर्चा की गई।

 

कार्यक्रम में सर्व धर्म मानव सेवा समिति कुबरी के अध्यक्ष मृत्युंजय प्रसाद गौतम, जनपद सदस्य कुबरी यज्ञराज, कृष्ण कुमार गुप्ता, दीनदयाल साहू, राजकुमार रावत, रामसिया रावत, रामपति रावत सहित अनेक समाजसेवी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

 

विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत भितरी के जरबैला टोला तथा ग्राम पंचायत कुशियारी की करौंदी आदिवासी बस्ती में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों में सुकलाल रावत, मंसुखा रावत, गुजरतिया रावत, कल्पना रावत, सुनीता रावत, गुड़िया रावत सहित सैकड़ों की संख्या में आदिवासी समाज के महिला-पुरुष एवं ग्रामीण शामिल हुए।

 

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि आदिवासी समाज देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण अंग है। आदिवासी समाज ने सदियों से जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के साथ प्रकृति एवं पर्यावरण की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। समाज के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, जागरूकता, नशामुक्ति और सामाजिक एकता को मजबूत करना आवश्यक है।

 

सर्व धर्म मानव सेवा समिति कुबरी के अध्यक्ष मृत्युंजय प्रसाद गौतम ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि आदिवासी समाज के अधिकारों, सम्मान, संस्कृति और विकास के प्रति सामूहिक संकल्प लेने का दिन है। उन्होंने कहा कि समाज की नई पीढ़ी को शिक्षा से जोड़कर उन्हें आगे बढ़ाने तथा आदिवासी संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए।

 

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा और पहचान को सुरक्षित रखने, शिक्षा एवं जागरूकता को बढ़ावा देने तथा समाज में एकता और भाईचारा मजबूत करने का संकल्प लिया। विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में सैकड़ों लोगों की सहभागिता रही।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment