## 2 किलो 80 ग्राम गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार, बाइक भी जब्त

0 643

सीधी | प्राइड इंडिया न्यूज़

सीधी पुलिस ने नशा विरोधी अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए चौकी खड्डी (थाना रामपुर नैकिन) क्षेत्र से एक आरोपी को 2 किलो 80 ग्राम अवैध गांजा और एक मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कुल ₹80,120 मूल्य का मशरूका जब्त किया है।

पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी तथा एसडीओपी चुरहट श्री रवि प्रकाश कौल के मार्गदर्शन में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, 5 अगस्त 2026 को चौकी प्रभारी सउनि नीरज कुमार को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम उमरिहा निवासी एक व्यक्ति हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (क्रमांक MP 53 MG 7618) की डिग्गी में गांजा रखकर बिक्री के लिए ग्राम धनहा की ओर जा रहा है।

सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम धनहा स्थित प्रधानमंत्री मार्ग पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका। पूछताछ में चालक ने अपना नाम परमानन्द यादव (50 वर्ष), निवासी उमरिहा, चौकी खड्डी (थाना रामपुर नैकिन) बताया।

तलाशी के दौरान बाइक की डिग्गी से एक पीले बोरे में रखा 2 किलो 80 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत ₹30,120 है। परिवहन में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (अनुमानित कीमत ₹50,000) भी जब्त कर ली गई। इस प्रकार कुल ₹80,120 मूल्य का मशरूका जब्त किया गया।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 0162/2026 के तहत धारा 8/20(B), 27(A), 29 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

सराहनीय भूमिका:

इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक नीरज कुमार, प्रधान आरक्षक राम सुंदर, प्रधान आरक्षक रामबली, नायक कृष्ण कुमार पांडे, आरक्षक वेद प्रकाश केवट, आरक्षक दीपेंद्र सिंह तथा बुलेरो चालक सोनू साकेत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment