बांकीपुर से पीके की जीत जनता की जीत है: अभिराम सिंह

0 27

 

जहानाबाद। जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में शानदार जीत दर्ज की है। यह जीत बांकीपुर की जनता की जीत है। ये बातें मंगलवार को जहानाबाद में अरवल मोड़ पर जन सुराज के विजय जुलूस को संबोधित करते हुए पार्टी के नेता और जहानाबाद विधान सभा से जन सुराज के पूर्व प्रत्याशी रहे डॉ अभिराम सिंह ने कही। इस दौरान जन सुराज के जिलाध्यक्ष मुकेश महादेव के नेतृत्व में निकाले गए विजय जुलूस में अभिराम सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने बांकीपुर सीट को जीतने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी। चुनाव मैदान में अपने 40 स्टार प्रचारकों की फौज उतार दी, लेकिन अकेले प्रशांत किशोर ने उन्हें धूल चटा दी और भारी मतों से चुनाव जीतकर बिहार से एक नया राजनीतिक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असली मालिक जनता होती है। यहां बता दें कि प्रशांत किशोर ने भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार को 19,324 वोटों के बड़े अंतर से हराया। यह प्रशांत किशोर और उनकी पार्टी की पहली चुनावी सफलता है। प्रशांत किशोर को कुल 64,151 वोट मिले, जबकि बीजेपी के नीरज कुमार को 44,827 वोट मिले। राजद की रेखा कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं और उन्हें 14,273 वोट मिले। मतदान 30 जुलाई को हुआ था और मतदान प्रतिशत सिर्फ करीब 34 प्रतिशत रहा। बांकीपुर लंबे समय से बीजेपी का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है। 1995 से इस सीट पर भाजपा का कब्जा रहा है। हाल ही में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा जाने के बाद यह सीट खाली हुई थी ,और उपचुनाव हुआ था। 2025 के विधानसभा चुनाव में नितिन नवीन ने भारी मतों से जीत हासिल की थी, लेकिन इस बार हार का सामना करना पड़ा।

जन सुराज पार्टी ने 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में 238 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन एक भी सीट नहीं जीत सकी थी। बांकीपुर की यह जीत पार्टी के लिए खाता खोलने वाली साबित हुई है। इस अवसर पर अभिराम सिंह ने कहा कि यह सिर्फ एक सीट की जीत नहीं, बल्कि बिहार की जनता का संदेश है। बिहार की राजनीति में यह चुनाव नतीजा काफी बड़ा मायने रखता है। यह जीत प्रशांत किशोर के रणनीतिकार से चुने हुए जनप्रतिनिधि बनने की यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है। अब वे बिहार विधानसभा में जन सुराज पार्टी का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस मौके पर पार्टी के जिला महामंत्री अवधेश पासवान, मुख्य प्रवक्ता रूपेश कुमार, शैलेश कुमार, प्रशांत यादव, प्रकाश बाबा, लवकुश शर्मा उर्फ नेता जी, संजय शर्मा, विजय शर्मा, आशा देवी, इन्द्रजीत कुमार दांगी सहित बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद थे।

नवीन कुमार संवाददाता पटना बिहार

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment