नेशनल हाईवे-39 सड़क के गड्ढे में डुबकी लगा रहीं भैंसें,विकास के दावों के बीच सामने आई शर्मनाक तस्वीर

0 112

रिपोर्ट➖ नेशनल ब्यूरो चीफ राकेश शर्मा

 

सीधी–सिंगरौली को जोड़ने वाला नेशनल हाईवे-39 वर्षों से निर्माणाधीन है, लेकिन अब तक सड़क का निर्माण पूरी तरह पूरा नहीं हो सका है। डबल लाइन सड़क के एक हिस्से पर जहां किसी तरह आवागमन जारी है, वहीं दूसरी लेन की हालत बेहद खराब नजर आ रही है।

इस बदहाल सड़क की तस्वीरें अब सरकार और जिम्मेदार निर्माण एजेंसियों के विकास के दावों पर बड़ा सवाल खड़ा कर रही हैं। सामने आए वीडियो में सड़क के बड़े-बड़े गड्ढों में बारिश का पानी भरा हुआ है यह तस्वीर सीधी सिंगरौली रोड के बीच चंदवाही की है, और स्थिति इतनी भयावह है कि एक भैंस गहरे गड्ढे में डुबकी लगाती हुई दिखाई दे रही है।

 

गड्ढा या मौत का कुआं?

सड़क पर बने इन गहरे गड्ढों की वास्तविक गहराई पानी भर जाने के कारण दिखाई नहीं देती। ऐसे में तेज रफ्तार से गुजरने वाले दोपहिया वाहन, कार या अन्य वाहन चालक यदि अचानक इन गड्ढों की चपेट में आ जाएं तो गंभीर दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।खासकर रात के समय और बारिश के दौरान यह मार्ग और भी खतरनाक हो जाता है। सवाल यह है कि किसी इंसान या वाहन के फंसने की स्थिति में जिम्मेदारी आखिर किसकी होगी?

 

विकास के दावों पर भारी पड़ती जमीनी तस्वीर➖एक ओर शासन-प्रशासन सड़क और अधोसंरचना के विकास के बड़े-बड़े दावे कर रहा है, वहीं दूसरी ओर नेशनल हाईवे-39 की यह तस्वीर जमीनी हकीकत को सामने लाकर विकास के दावों की धज्जियां उड़ा रही है।

 

वर्षों से चल रहे निर्माण कार्य के कारण लोगों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब यहां आवश्यक हो जाता है कि संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी तत्काल सड़क के खतरनाक गड्ढों को भरवाए तथा अधूरे निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराए।

बड़ा सवाल➖आखिर कब पूरा होगा सीधी–सिंगरौली नेशनल हाईवे-39 का अधूरा निर्माण?

क्या जिम्मेदार विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है?

प्राइड इंडिया न्यूज़ की यह तस्वीर संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब मांगती है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment