चोरी की मोटरसाइकिलों सहित आरोपी गिरफ्तार, टिकरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई

0 81

सीधी। पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं एसडीओपी कुसमी के मार्गदर्शन में चौकी टिकरी पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से दो चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार, ग्राम कतरवार निवासी रजनीश कुशवाहा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 2 अगस्त 2026 को वह अपनी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (MP53MG7740) से ग्राम भदौरा बाल कटवाने गया था। नाई की दुकान के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल करीब आधे घंटे बाद गायब मिली। काफी तलाश के बाद भी वाहन नहीं मिलने पर चौकी टिकरी में मामला दर्ज कराया गया।

विवेचना के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक चोरी की मोटरसाइकिल लेकर छत्तीसगढ़ की ओर जाने की तैयारी में है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की मोटरसाइकिल MP53MG7740 तथा एक अन्य मोटरसाइकिल MP53MC5217 चोरी कर टिकरी क्षेत्र में छिपाकर रखने की बात स्वीकार की।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दोनों मोटरसाइकिलें बरामद कर जब्त कर लीं। जांच में पता चला कि दूसरी मोटरसाइकिल MP53MC5217 की चोरी का मामला थाना कोतवाली, सीधी में पहले से दर्ज है।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

सीधी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर खड़ा करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment