कलेक्टर ने मां नर्मदा डेम घाट पर लगाई जन चौपाल   जनता ही बताएगी समस्या का समाधान” नवाचार का हुआ शुभारंभ 

0 79

रिपोर्टर-सोहन श्याम

 

डिंडौरी-कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने मां नर्मदा डेम घाट पर वार्ड क्रमांक 8, 9 एवं 10 के नागरिकों के साथ जन चौपाल आयोजित कर “जनता ही बताएगी समस्या का समाधान” नामक अभिनव पहल का शुभारंभ किया। इस नवाचार का उद्देश्य आमजन को केवल अपनी समस्याएं बताने तक सीमित न रखते हुए, उनके व्यावहारिक समाधान भी साझा करने के लिए प्रेरित करना है, ताकि प्रशासन और नागरिकों की सहभागिता से समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।

कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने कहा कि इस जन चौपाल के माध्यम से नागरिक अपनी समस्याओं के साथ उनके समाधान के सुझाव भी प्रस्तुत करेंगे। इससे संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर ही आवश्यक जानकारी प्राप्त कर समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से नगर परिषद क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित बनाया जा सकता है।

 

उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली, पेयजल, नाली, साफ-सफाई सहित स्थानीय समस्याओं के समाधान में आमजन की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। कई समस्याओं का व्यावहारिक समाधान स्थानीय नागरिकों के पास ही होता है। प्रशासन का उद्देश्य ऐसे सुझावों को अपनाकर जनसहभागिता आधारित सुशासन को बढ़ावा देना है।

जन चौपाल में बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। लगभग 40 से 50 लोगों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं तथा अनेक नागरिकों ने उनके समाधान संबंधी उपयोगी सुझाव भी दिए। कलेक्टर ने कहा कि इस नवाचार को जिले के अन्य वार्डों में भी लागू किया जाएगा, जिससे स्थानीय समस्याओं का शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण हो सके।

 

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे, एसडीएम डिण्डौरी श्री रामबाबू देवांगन, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता सारस, वार्ड पार्षदगण तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment