कीचड़ और गड्ढों में शिक्षा का सफर: सिहावल की बदहाल सड़क से छात्राओं व ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी 

0 168

 

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी सिहावल रिपोर्ट शाहिद खान

 

सिहावल। जनपद पंचायत सिहावल अंतर्गत ग्राम पंचायत सिहावल में विकास के दावों के बीच एक महत्वपूर्ण सड़क बदहाली का शिकार बनी हुई है। शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय सिहावल के ठीक पीछे गुप्ता मेडिकल स्टोर से उत्तर दिशा की ओर जाने वाली लगभग 100 मीटर लंबी सड़क में करीब 50 मीटर हिस्सा कीचड़ और दलदल में तब्दील हो गया है। इस मार्ग से प्रतिदिन शासकीय कन्या हाई स्कूल सिहावल, अशासकीय साईं पब्लिक स्कूल, शासकीय अनुसूचित जाति बालिका छात्रावास की छात्राएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण आवागमन करते हैं, जिन्हें भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

 

बरसात के दिनों में सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और भी गंभीर हो गई है। छात्र-छात्राओं को स्कूल पहुंचने के लिए कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है, जबकि बुजुर्ग, महिलाएं और दोपहिया वाहन चालक आए दिन फिसलने और दुर्घटना की आशंका से जूझ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की दुर्दशा लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

 

ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत की महिला सरपंच मुन्नी प्रजापति से कई बार पीसीसी सड़क निर्माण की मांग की जा चुकी है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। अब लोगों की उम्मीदें जनपद पंचायत सिहावल के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोहित उपाध्याय पर टिकी हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि तत्काल मुरम एवं अन्य सामग्री डालकर सड़क को आवागमन योग्य बनाया जाए तथा जल्द से जल्द पीसीसी सड़क निर्माण कराया जाए, ताकि छात्र-छात्राओं और आमजन को राहत मिल सके।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment