महाराष्ट्र में दर्दनाक हादसा: चार मंजिला इमारत गिरने से गोंडा के दो सगे भाइयों की मौत

0 62


रिपोर्टर: सुभाष कुमार विश्वकर्मा, ब्यूरो चीफ, प्राइड इंडिया न्यूज़, बहराइच
बहराइच/गोंडा/भिवंडी। महाराष्ट्र के भिवंडी में चार मंजिला इमारत गिरने से उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र के हिंदुनगर खास गांव के दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान अशोक और राकेश के रूप में हुई है। दोनों रोजगार के सिलसिले में महाराष्ट्र गए थे और हादसे के समय इमारत के मलबे में दब गए।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा बीती रात भिवंडी में हुआ। इमारत अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे दोनों भाई मलबे के नीचे दब गए। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
बताया गया कि अशोक करीब दो वर्ष पहले अपनी पत्नी और बच्चों के साथ महाराष्ट्र गया था। उसके परिवार में पत्नी, दो बेटे और एक बेटी हैं। वहीं राकेश करीब डेढ़ महीने पहले ही रोजगार की तलाश में महाराष्ट्र पहुंचा था। वह अविवाहित था।
हादसे की खबर मिलते ही हिंदुनगर खास गांव में मातम छा गया। पिता सकतू और मां श्यायपता का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के प्रधान पति सिरताज अहमद खान ने घटना की पुष्टि करते हुए शोक व्यक्त किया।
परिजनों के अनुसार, अशोक की पत्नी रामावती रिश्तेदारों के साथ एंबुलेंस से दोनों भाइयों के शव लेकर गांव के लिए रवाना हो चुकी हैं। पूरे गांव में शोक का माहौल है और स्थानीय लोग पीड़ित परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।
इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा और जर्जर इमारतों की स्थिति को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment