NH-45 पर पलटी शराब से भरी पिकअप, शहपुरा पुलिस ने 26.13 लाख की अवैध अंग्रेजी शराब की खेप पकड़ी

रिपोर्ट: मनोज कुमार यादव | शहपुरा/डिंडौरी
डिंडौरी जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शहपुरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-45 (NH-45) पर पलटी एक पिकअप वाहन से करीब 26.13 लाख रुपये मूल्य की अवैध अंग्रेजी शराब, पिकअप वाहन एवं मोबाइल फोन जप्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में दो अन्य आरोपियों को भी सहआरोपी बनाया गया है और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।
पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के निर्देशन एवं एसडीओपी शहपुरा के मार्गदर्शन में थाना शहपुरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में बड़ी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने दो टीमों का गठन कर संभावित मार्गों पर नाकाबंदी की।
नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन को तेज रफ्तार से भगाने लगा। इसी दौरान शहपुरा-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-45) पर विक्की ढाबा के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और पिकअप सड़क पर पलट गई।
दुर्घटना के बाद पुलिस ने वाहन की जांच की तो ट्रॉली में त्रिपाल के नीचे बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब की पेटियां मिलीं। राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित होने और पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण मौके पर जप्ती की कार्रवाई संभव नहीं थी। बाद में हाइड्रा (क्रेन) की मदद से वाहन को सीधा कर थाना शहपुरा लाया गया, जहां विधिवत तलाशी के दौरान अवैध शराब बरामद की गई।
पुलिस ने किया जप्त:
लगभग 1500 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब (कीमत ₹16,03,040)
एक पिकअप वाहन (कीमत ₹10,00,000)
एक मोबाइल फोन (कीमत ₹10,000)
कुल जप्त मशरूका की कीमत ₹26,13,040 आंकी गई है।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद परवेज खान (30 वर्ष) निवासी मोती नाला, हनुमानताल, जबलपुर ने बताया कि शराब की खेप उसे शहडोल निवासी ज्वाला सिंह ने जबलपुर निवासी राजेश तक पहुंचाने के लिए दी थी।
पुलिस ने आरोपी मोहम्मद परवेज खान को गिरफ्तार कर उसके साथ ज्वाला सिंह और राजेश के विरुद्ध थाना शहपुरा के अपराध क्रमांक 415/2026 में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस अब अवैध शराब के स्रोत, सप्लाई चेन और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अनुराग जामदार के नेतृत्व में थाना शहपुरा पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।