खुटार पशु बाजार में अवैध वसूली के आरोप, रसीद और शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं; ठेकेदार ने आरोपों से किया इनकार

0 90

सिंगरौली। जिले के ग्राम पंचायत खुटार स्थित पशु बाजार में कथित अवैध वसूली को लेकर विवाद गहराता नजर आ रहा है। ग्राम पंचायत की सरपंच द्वारा कलेक्टर, नगर आयुक्त, नगर निगम अध्यक्ष, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, चौकी प्रभारी खुटार सहित कई अधिकारियों को लिखित शिकायत देकर जांच और कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायत के बावजूद अब तक किसी कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आने से स्थानीय लोगों में सवाल उठ रहे हैं।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पशु बाजार में नगर पालिक निगम सिंगरौली के नाम पर प्रति पशु ₹500 निकासी शुल्क तथा पिकअप वाहनों से कथित रूप से पुलिस के नाम पर ₹800 प्रति वाहन वसूले जा रहे हैं। सरपंच का कहना है कि ग्राम पंचायत क्षेत्र में इस प्रकार की वसूली का कोई वैधानिक आधार नहीं है।

आवेदन के अनुसार, सरपंच ने स्वयं मौके पर पहुंचकर संबंधित ठेकेदार से कथित वसूली बंद करने के लिए कहा था, लेकिन आरोप है कि इसके बाद भी वसूली जारी रही।

मामले से जुड़े लोगों ने एक रसीद भी उपलब्ध कराई है, जिस पर कार्यालय नगर पालिक निगम सिंगरौली तथा मवेशी विकास समिति का उल्लेख दिखाई देता है। हालांकि, केवल इस रसीद के आधार पर कथित अवैध वसूली के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की जा सकती। इसकी सत्यता और वैधता की जांच संबंधित प्रशासनिक एजेंसियों द्वारा किया जाना शेष है।

कार्रवाई नहीं होने से उठ रहे सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि शिकायत सही है तो निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं यदि आरोप निराधार हैं तो प्रशासन को भी स्थिति स्पष्ट कर जनता के सामने तथ्य रखने चाहिए।

समाचार लिखे जाने तक संबंधित अधिकारियों का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

ठेकेदार का पक्ष

बाजार ठेकेदार रामनारायण शाह ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा,

“ऐसा कुछ नहीं है। हम कोई अवैध वसूली नहीं कर रहे हैं और न ही पुलिस के नाम पर किसी से पैसा लेते हैं।”

अब पूरे मामले में प्रशासन की जांच और आधिकारिक कार्रवाई पर क्षेत्रवासियों की निगाहें टिकी हुई हैं।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment