गुरु पूर्णिमा पर विद्यार्थियों को मिला शैक्षणिक उपहार, बहेरा टोला माध्यमिक शाला में वितरित हुए कम्पास बॉक्स

(जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव)
डिण्डौरी। जिले के शहपुरा जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत चंदवाही स्थित माध्यमिक शाला बहेरा टोला में गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व श्रद्धा, उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में आयोजित विशेष कार्यक्रम के दौरान प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार कक्षा 6वीं के सभी नामांकित छात्र-छात्राओं को अध्ययन सामग्री के रूप में कम्पास बॉक्स वितरित किए गए।
कार्यक्रम विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री रमेश कुमार साहू के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को गुरु पूर्णिमा के महत्व से अवगत कराते हुए गुरु के सम्मान, अनुशासन और नियमित अध्ययन का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है और विद्यार्थियों को पूरे मनोयोग से अध्ययन करना चाहिए।
गुरु पूर्णिमा के शुभ अवसर पर शैक्षणिक सामग्री प्राप्त कर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत चंदवाही एवं बहेरा टोला क्षेत्र के शिक्षकगण, विद्यालय कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकों ने सभी विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।