गुरु पूर्णिमा पर बरगांव विद्यालय में मेधावी विद्यार्थियों व शिक्षकों का हुआ सम्मान

(जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव )
डिण्डौरी। जिले के जनपद पंचायत शहपुरा अंतर्गत ग्राम पंचायत बरगांव स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, उल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद पंचायत सदस्य कीर्ति भीमशंकर साहू रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच गुड्डी बाई बनवासी ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में नत्थू लाल बनवासी, पत्रकार भीमशंकर साहू, भाजपा मंडल मंत्री विजय राजा साहू तथा विद्यालय के प्राचार्य रोशन झारिया उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि कीर्ति भीमशंकर साहू ने अपने संबोधन में गुरु पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च है। उन्होंने विद्यार्थियों से गुरुजनों का सम्मान करने तथा उनके बताए मार्ग पर चलकर जीवन में सफलता प्राप्त करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ अध्यापक देवेन्द्र कुमार साहू ने महर्षि वेदव्यास एवं महर्षि सांदीपनि के जीवन, आदर्शों और गुरु-शिष्य परंपरा में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ अध्यापक मूलचंद साहू ने किया तथा अंत में सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर शैक्षणिक सत्र में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को ग्राम पंचायत की ओर से सम्मानित किया गया। वहीं विद्यालय के सभी शिक्षकों का भी ग्राम पंचायत द्वारा शॉल, श्रीफल एवं कलम भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही, जिससे गुरु पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन प्रेरणादायी और यादगार बन गया।